करेड़ा/भीलवाड़ा (स्मार्ट हलचल)। जिले के करेड़ा थाना क्षेत्र में पिछले दिनों हुए एक सनसनीखेज ब्लाईंड मर्डर (अंधी हत्या) की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। अपराधियों ने महज चांदी के कड़े (कड़ियां) और सोने के टॉप्स लूटने के लिए 80 वर्षीय एक बुजुर्ग महिला की बेरहमी से हत्या कर दी थी। पुलिस ने इस जघन्य हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
चांदी की कड़ियों और जेवरात के लिए ली जान
पुलिस के अनुसार, 18 अप्रैल 2026 को शिवपुर निवासी अशोक कुमार प्रजापत ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी 80 वर्षीय दादी ऐजी देवी खेत पर बने कमरे में रहती थीं। 17 अप्रैल की शाम उनका शव बकरियों के बाड़े में मिला था। उनके मुंह पर खून लगा था और कानों के सोने के टॉप्स व पैरों में पहनी चांदी की कड़ियां गायब थीं। अज्ञात बदमाशों ने जेवरात लूटने के इरादे से उनकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने धारा 103(1), 309(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
वैज्ञानिक पड़ताल और मुखबिर तंत्र से खुला राज
घटना की गंभीरता को देखते हुए करेड़ा थानाधिकारी पूरण मल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। एफएसएल (FSL) और एमओबी (MOB) टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस टीम ने लगातार फील्ड में रहकर जमीनी स्तर पर सूचनाएं जुटाईं और तकनीकी सूचनाओं का विश्लेषण कर कड़ी से कड़ी जोड़ी।
हत्यारे गिरफ्तार, आभूषण बरामदगी के प्रयास जारी
अनुसंधान के बाद पुलिस ने घटना में संलिप्त मुख्य अभियुक्त भगवान सिंह (28) पुत्र नाथू सिंह राजपूत, महावीर सिंह (22) पुत्र नाथू सिंह राजपूत (दोनों निवासी बटेरी) और सहयोगी रमेश (25) पुत्र गोपीराम भील (निवासी बम्बोला) को दस्तयाब कर लिया।
वैज्ञानिक तरीकों से सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने लूट के इरादे से हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया है और अब उनसे लूटे गए आभूषणों की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। इस कार्रवाई में सउनि रेवत सिंह का विशेष योगदान रहा।
