मेड़ता रोड के वार्ड 16 में जल संकट गहराया, 5 दिन में सिर्फ 20 मिनट पानी सप्लाई — आंदोलन की चेतावनी

एजाज़ अहमद उस्मानी

स्मार्ट हलचल|मेड़ता रोड के वार्ड नंबर 16 में इन दिनों भीषण जल संकट ने गंभीर रूप ले लिया है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, पूरे पांच दिनों में मात्र 20 मिनट के लिए बेहद धीमी गति से पानी की सप्लाई की जा रही है, जिससे दैनिक जरूरतों को पूरा करना भी मुश्किल हो गया है। भीषण गर्मी के बीच हालात और ज्यादा खराब हो गए हैं, और लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं।वार्डवासियों का कहना है कि इतनी कम और अनियमित सप्लाई के कारण पीने, खाना बनाने और अन्य जरूरी कार्यों के लिए पानी जुटाना चुनौती बन गया है। कई परिवारों को महंगे दामों पर टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं, जिससे आर्थिक बोझ भी बढ़ रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि कम से कम हर तीसरे दिन नियमित और पर्याप्त पानी की सप्लाई सुनिश्चित की जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके। वार्ड के निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे मजबूर होकर आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।
गौरतलब है कि गर्मी के इस मौसम में पानी की मांग बढ़ जाती है, ऐसे में सप्लाई व्यवस्था में सुधार बेहद जरूरी है। अब देखने वाली बात यह होगी कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब तक ध्यान देता है और वार्डवासियों को राहत दिलाने के लिए क्या कदम उठाता है।