निःशुल्क नेत्र जांच शिविर में 300 लोग लाभान्वित, चश्मों का वितरण

कोटा। स्मार्ट हलचल|सामाजिक सरोकारों की दिशा में उल्लेखनीय पहल करते हुए अमृतम सेवा संस्थान द्वारा शहर की रोजड़ी बस्ती में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर एवं चश्मा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। संस्था अध्यक्ष ज्योति यादव के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में बस्ती के लगभग 300 लोगों ने भाग लेकर लाभ प्राप्त किया।शिविर में विशेषज्ञों द्वारा नेत्र जांच की गई तथा आवश्यकता अनुसार लाभार्थियों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए। कार्यक्रम की संयोजिका रितु पारीक, भारती यादव एवं राजेश यादव ने व्यवस्थाओं का संचालन किया। संस्था की सदस्य कविता यादव, शालू योगी, वंदना नायक एवं अमिता मेहरा ने शिविर में सक्रिय भूमिका निभाई।

भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए आयोजन के दौरान जनजागरूकता का संदेश भी दिया गया। संस्था सदस्यों ने बच्चों को पानी की बोतलें वितरित कीं तथा लोगों को गर्मी से बचाव के उपाय बताए। साथ ही बेजुबान पक्षियों के लिए अपने घरों, आंगनों एवं छतों पर परिंडे लगाकर उनमें नियमित पानी भरने का संदेश दिया गया। उन्होंने इसे सच्ची सेवा और ईश्वर भक्ति का स्वरूप बताया।

कार्यक्रम में कुलदीप सिंह एवं नेहा खंडेलवाल का विशेष सहयोग रहा। शिविर के माध्यम से न केवल स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं, बल्कि समाज में संवेदनशीलता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी प्रभावी रूप से प्रसारित किया गया।