रातों की नींद हराम-पेयजल व रोजगार पर भी असर
शिवराज बारवाल मीना
टोंक/अलीगढ़। स्मार्ट हलचल|उनियारा उपखण्ड क्षेत्र में इन दिनों भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती ने आमजन का जीना दूभर कर दिया है। लोड़सेटिंग व मेंटेनेंस के नाम पर की जा रही अघोषित बिजली कटौती से कस्बे सहित ग्रामीण इलाकों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बिजली की अनियमित आपूर्ति के कारण दिनभर गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है, वहीं रात के समय अचानक बिजली गुल होने से लोगों की नींद हराम हो रही है। हालात यह हैं कि कब बिजली आएगी और कब चली जाएगी, इसका कोई निश्चित समय नहीं है। क्षेत्रवासियों में बिजली निगम के प्रति गहरा रोष व्याप्त है। लोगों का कहना है कि विभागीय अधिकारियों की लापरवाही और मनमानी के चलते सुबह, दोपहर और शाम के साथ-साथ देर रात तक घंटों बिजली कटौती की जा रही है। इससे न केवल घरेलू जीवन प्रभावित हो रहा है, बल्कि लघु उद्योग-धंधों पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। बिजली कटौती का सीधा असर पेयजल आपूर्ति व्यवस्था पर भी देखने को मिल रहा है, जिससे लोगों को दोहरी मार झेलनी पड़ रही है। क्षेत्रवासियों ने विद्युत विभाग से शीघ्र समाधान की मांग करते हुए नियमित और निर्धारित समय पर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की अपील की है।
