जहाजपुर: बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही, हादसों के बावजूद बिना सुरक्षा उपकरण काम करने को मजबूर कर्मचारी

Jahazpur News: 11kV लाइन पर हादसे के बाद भी खुले ट्रांसफार्मर पर बिना सेफ्टी काम कर रहे कर्मी

जहाजपुर (अलकेश पारीक / स्मार्ट हलचल)। क्षेत्र में बिजली विभाग की गंभीर लापरवाही और कर्मचारियों की जान के साथ हो रहा खिलवाड़ एक बार फिर उजागर हुआ है। विभाग के अधिकारी हादसों से कोई सबक लेने को तैयार नहीं हैं। एक ओर जहां 11 केवी (11kV) लाइन का फॉल्ट सुधारते समय एक ठेका कर्मचारी करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया, वहीं अगले ही दिन विभाग की जमीनी हकीकत कुछ और ही खौफनाक मंजर बयां कर रही है।

अखबारों में छपी खबर, पर मौके पर नहीं दिखे सेफ्टी किट

ठेका कर्मचारी के 11 केवी लाइन पर करंट से झुलसने की खबर सामने आने के बाद भी विभागीय अधिकारी बेपरवाह हैं। उसी दिन मौके से सामने आई तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि बिजली विभाग के कर्मचारी बिना किसी सुरक्षा उपकरण के खुले ट्रांसफॉर्मर पर काम कर रहे हैं। कर्मचारियों के पास न तो सेफ्टी ग्लव्स (दस्ताने) हैं, न हेलमेट और न ही इंसुलेटेड उपकरण। ऐसे में किसी भी समय कोई जानलेवा हादसा हो सकता है।

अधिकारियों की अनदेखी, ग्रामीणों में भारी आक्रोश

स्थानीय लोगों का आरोप है कि जहाजपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में पहले भी बिना सुरक्षा उपकरणों के काम करने की वजह से कई हादसे हो चुके हैं। कर्मचारियों को आज भी अपनी जान हथेली पर रखकर काम करने पर मजबूर किया जा रहा है। उच्च अधिकारियों को हालातों की पूरी जानकारी होने के बावजूद नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है।

ग्रामीणों ने मांग की है कि इस मामले में तुरंत जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही सभी कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाएं, ताकि भविष्य में हादसों को रोका जा सके।