रायला पुलिस का बड़ा एक्शन: लावारिस कार से 44 किलो 100 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद, तस्कर फरार

रायला पुलिस का बड़ा एक्शन: लावारिस कार से 44 किलो 100 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद, तस्कर फरार

रायला (स्मार्ट हलचल)। भीलवाड़ा जिले में पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह यादव के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में रायला थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 44 किलो 100 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया है और तस्करी में प्रयुक्त एक कार को जब्त किया है। कार सवार तस्कर रात के अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।

लावारिस कार की डिग्गी में मिला मादक पदार्थ

थानाधिकारी मूलचंद वर्मा ने बताया कि 03 मई 2026 को डीएसटी टीम ने सूचना दी थी कि एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार (GJ 17 CA 7468) तेज गति से निकली है, जिसका टीम पीछा कर रही है। तस्कर कार को लांबिया कलां टोल नाके से पहले ही रूपाहेली खुर्द जाने वाली सड़क पर मोड़ ले गए। पुलिस जब रूपाहेली खुर्द से हरिपुरा जाने वाले पक्के रास्ते पर पहुंची, तो वहां कार लावारिस हालत में मिली। डिग्गी में 3 प्लास्टिक के कट्टे रखे हुए थे, जिनमें 44 किलो 100 ग्राम अवैध डोडा पोस्त भरा हुआ था।

NDPS एक्ट में मामला दर्ज, तस्करों की तलाश जारी

पुलिस ने अवैध डोडा पोस्त और कार को जब्त कर लिया है। थाना रायला में प्रकरण संख्या 55/2026 धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर फरार तस्करों की तलाश की जा रही है।

इस कार्रवाई में रायला थाना पुलिस के साथ डीएसटी प्रभारी कन्हैया लाल और कांस्टेबल रमेश कुमार व घीसू लाल का विशेष योगदान रहा।