मांडलगढ़: रेलवे कॉलोनी में चोरों का आतंक, शिव मंदिर के तोड़े ताले, कर्मचारियों में पुलिस के खिलाफ भारी आक्रोश

मांडलगढ़ (स्मार्ट हलचल)। क्षेत्र की रेलवे कॉलोनी में सुरक्षा व्यवस्था भगवान भरोसे नजर आ रही है। यहां लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने पुलिस गश्त और सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। चोरों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब उन्होंने भगवान के घर को भी नहीं बख्शा। ताजा मामला 2-3 मई 2026 की दरम्यानी रात का है, जहां बेखौफ बदमाशों ने कॉलोनी स्थित शिव मंदिर की तिजोरी और अलमारी का ताला तोड़कर नकदी और पूजन सामग्री पार कर ली।

पुलिस के हाथ खाली, घर जाने से डर रहे कर्मचारी

सुबह जब श्रद्धालु पूजा के लिए पहुंचे तो ताले टूटे मिले। सूचना पर पुलिस ने मौके का मुआयना किया। रेलवे कर्मचारियों का कहना है कि पुलिस की नाकामी के चलते चोरों के हौसले बुलंद हैं। गौरतलब है कि मात्र कुछ दिन पूर्व ही 20-21 अप्रैल की रात को चोरों ने इसी कॉलोनी के 11 सूने आवासों के ताले चटकाकर लाखों रुपये के जेवरात और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया था। उस बड़ी वारदात में भी पुलिस अब तक किसी भी आरोपी को पकड़ नहीं पाई है। खौफ के साये में जी रहे कर्मचारी अब छुट्टियों में अपने घर जाने से भी डरने लगे हैं।

सालों से रेलवे कॉलोनियों को निशाना बना रहे बदमाश

कर्मचारियों ने बताया कि गत वर्ष गेनोली रोड रेलवे कॉलोनी में भी कई बार चोरी की वारदातें हुई थीं। इसके अलावा हाल ही में परसोली रेलवे कॉलोनी में मोटरसाइकिल चोरी और बस्सी-बेरिसाल रेलवे कॉलोनी में भी लगातार घटनाएं सामने आई हैं।

वर्ष 2024, 2025 और 2026 में लगातार हो रही इन वारदातों के बावजूद अब तक पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई न होने से आमजन में गहरा असंतोष है। स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने और चोरों को शीघ्र गिरफ्तार करने की पुरजोर मांग की है।