कुण्डल CHC में अव्यवस्थाओं की खुली पोल, सीएमएचओ सीताराम मीणा ने लगाई फटकार

– औचक निरीक्षण में खुली हकीकत

अमर चन्द बैरवा

दौसा।स्मार्ट हलचल|कुण्डल तहसील मुख्यालय स्थित राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का शनिवार को सीएमएचओ डॉ. सीताराम मीणा ने औचक निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की हकीकत सामने आ गई। निरीक्षण में कई गंभीर खामियां मिलने पर सीएमएचओ ने मौके पर ही नाराजग़ी जताते हुए सुधार के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने डीडीसी पर उपलब्ध दवा स्टॉक, स्टॉफ उपस्थिति रजिस्टर, भर्ती वार्ड, जांच कक्ष, कोल्ड चैन कक्ष, चिकित्सक कक्ष का बारीकी से निरीक्षण किया। उपचार के लिए आने वाले मरीजों से भी अस्पताल और स्टॉफ के व्यवहार की जानकारी ली।

– भर्ती वार्ड में गंदगी, कूलर भी नहीं
निरीक्षण के दौरान भर्ती वार्ड में गंदगी मिलने पर सीएमएचओ ने नाराजगी जताते हुए भर्ती वार्ड में कार्यरत नर्सिंग ऑफिसरों को फटकार लगाते हुए वार्ड में सफाई कार्य का ध्यान रखने और बायोवेस्ट सहित अन्य कचरा कचरापात्र में ही डालने के निर्देश दिए। उन्होंने सफाई कर्मचारी को मौके पर बुलाकर सुबह 8 बजे से पहले, प्रात: 11 बजे और दोपहर 2 बजे बाद सफाई कर अस्पताल परिसर को स्वच्छ रखने के निर्देश दिए।
भीषण गर्मी के बावजूद वार्ड में कूलर नहीं लगे मिले, जिससे मरीज गर्मी से परेशान नजर आए। इस पर सीएमएचओ ने सीनियर नर्सिंग ऑफिसर को तुरंत कूलर लगाने और खराब कूलरों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने भर्ती वार्ड में एक कूलर भी लगवाया।

– हीटवेव रूम तैयार नहीं, जताई नाराजगी

चिकित्सा विभाग द्वारा गर्मी के बढ़ते प्रकोप के बीच अस्पतालो में हीटवेव रूम तैयार कर पर्याप्त सुविधा रखने के निर्देश दिए गए है। लेकिन सीएचसी परिसर में हीटवेव रूम तैयार नहीं मिलने पर सीएमएचओ ने कड़ी नाराजग़ी जताते हुए हीटवेव रूम को प्राथमिकता के आधार पर जल्द तैयार के लिए निर्देशित किया।

– मरीजों के लिए पेयजल व्यवस्था का अभाव

अस्पताल में मरीजों के लिए पेयजल की व्यवस्था नहीं होने पर भी सीएमएचओ नाराज नजर आए। उन्होंने तुरंत पांच पानी के कैंपर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को भीषण गर्मी में ठंडा और मीठा पानी मिल सके।

– बाहर की दवा लिखने पर जांच के आदेश

अस्पताल में नर्सिंगकर्मियों द्वारा बाहर की दवा लिखने की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सीएमएचओ ने जांच कमेटी गठित करने की बात कही। साथ ही वार्ड में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर दोषी नर्सिंग स्टाफ के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाने की बात कही।

– दवाओं के कार्टून बरामदे में मिले

अस्पताल परिसर के बरामदे में दवाओं के कार्टून रखे मिलने पर सीएमएचओ ने नाराजगी जताई और उन्हें तुरंत अंदर सुरक्षित स्थान पर रखने के निर्देश दिए।

– कूलरों की अव्यवस्था पर सख्ती

एक कमरे में कई कूलर एक साथ रखे मिले, जिनमें कुछ खराब हालत में थे। इस पर सीएमएचओ ने तुरंत सभी कूलर वार्ड में लगाने और खराब कूलरों को तुरंत ठीक कराने के निर्देश दिए।

– 1 बजे पहुंचा अकाउटेंट, लगाई फटकार

निरीक्षण के दौरान करीब 1 बजे अस्पताल में कार्यरत अकाउटेंट के पहुंचने पर सीएमएचओ भडक गए। उन्होने उससे पहुंचा कि क्या टाइम हो रहा है, ये समय अस्पताल आने का है, तो उन्होने बैंक कार्य के चलते बैंक जाने की बात कही। इस पर उन्होंने इसकी पूर्व सूचना सीएचसी प्रभारी को देने के निर्देश दिए।

– बिजली गुल होने पर पेड़ की छांव में बैठकर सुनी समस्याएं, जल्द मिलेगी राहत

निरीक्षण के दौरान बिजली गुल होने पर सीएमएचओ डॉ. सीताराम मीना ने अस्पताल परिसर में पेड़ की छांव में बैठकर मरीजों और ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। ग्रामीणों ने सीएचसी में नियमित चिकित्सक और स्थाई प्रभारी लगाने की मांग रखी। जिस पर सीएमएचओ ने कहा कि वे इसके लिए लगातार प्रयासरत है, वे इस मामले को लेकर जयपुर में उच्चाधिकारियों को भी कई बार अवगत करवा चुके है। चिकित्सा मंत्री से भी उन्होंने कुण्डल सीएचसी में नियमित चिकित्सक लगवाने का आग्रह किया है, ताकि मरीजों को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि जल्द यहां नियमित चिकित्सक लगाकर क्षेत्रवासियों को पूर्णरूप से चिकित्सा सुविधा का लाभ प्रदान किया जाएगा।

इनका कहना है कि – लापरवाही बर्दाश्त नहीं

अस्पताल में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मरीजों को बेहतर और समय पर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिक जिम्मेदारी है, और इसमें कोताही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. सीताराम मीणा, सीएमएचओ, दौसा।