उदयपुर। स्मार्ट हलचल|चित्रकूट नगर के ए-ब्लॉक स्थित श्रीराम पार्क में आज धार्मिक उल्लास और श्रद्धा का संगम देखने को मिला। अवसर था श्री रामेश्वर महादेव मन्दिर के तृतीय पाटोत्सव और हनुमानजी की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा का।चित्रकूट नगर वैलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष तेजप्रकाश शर्मा ने बताया कि इस पावन अवसर पर रविवार सुबह से ही कार्यक्रमों की धूम रही। कॉलोनी वासियों के सहयोग से आयोजित इस महोत्सव में भक्तिमय माहौल के बीच सभी अनुष्ठान विधि-विधान से संपन्न हुए।
*लाल चून्दड़ में सजी कलश यात्रा*
महोत्सव का शुभारंभ आज प्रातः 7:30 बजे भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। विशेष ड्रेस कोड ‘लाल चून्दड़’ में सजी महिलाओं ने पारंपरिक मंगल गीतों के साथ क्षेत्र की परिक्रमा की। यात्रा के दौरान विशेष आकर्षण का केंद्र रहा डीजे, जिसकी भक्तिमय धुनों और भजनों पर महिलाएं पूरे रास्ते झूमती और नाचती नजर आईं। ‘लाल चून्दड़’ के तय ड्रेस कोड में सजी-धजी महिलाओं ने जब सिर पर कलश रखकर नृत्य किया, तो पूरा वातावरण शिव-शक्ति के जयकारों से गूंज उठा। इसके पश्चात सुबह 9:00 बजे विद्वान पंडितों के सानिध्य में हवन एवं हनुमत स्थापना का विधान पूर्ण किया गया।
*अभिषेक और मनमोहक श्रृंगार*
दोपहर के समय भगवान रामेश्वर महादेव का विशेष अभिषेक एवं श्रृंगार किया गया। महादेव और हनुमानजी के अलौकिक दर्शनके लिए मंदिर में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा।कार्यक्रम स्थल पर ही श्रद्धालुओं के लिए सुबह के नाश्ते और महा-प्रसादी की उत्तम व्यवस्था की गई थी।
*महा-आरती और भजन संध्या से गूंजा परिसर*
शाम होते-होते उत्सव का उत्साह चरम पर पहुंच गया।
*ध्वजा रोहण* – शाम 6:15 बजे मंदिर शिखर पर महादेव एवं हनुमानजी की नई ध्वजा चढ़ाई गई।
*महा-आरती* शाम 7:00 बजे भगवान की महा-आरती का आयोजन हुआ, जिसमें समूचा चित्रकूट नगर भक्ति में सराबोर नजर आया।
इस दौरान कार्यक्रम में राजेश गर्ग,लक्ष्मी नारायण पालीवाल, मनीष चौधरी, अर्जुन सिंह राव, हरि सिंह राव, भारत सिंह राव,भवानी शंकर शर्मा,निरंजन टेलर, हिम्मत माली, सुरेश जांगिड़, सुनील जोशी, अंकित दाधीच, प्रमोद महावार, सुरेश चौधरी, राजेंद्र सिंह राठौर, कमलेश शर्मा, श्रवण सिंह राठौर,जीवन सिंह पंवार, रंगू सिंह पंवार, ताराचंद गवारिया आशीष मिश्रा, रघुनाथ शर्मा, राहुल उड़ानी, उगामनाथ, गणेश गुरनानी,भूपेश सेन,लाख सिंह, विनोद शर्मा,अर्जुन सिंह चौहान, राजेश त्रिवेदी,पंडित जुगल किशोर त्रिवेदी, सुनील शर्मा, बृजराज सुवालका, परमेंद्र सिंह राव सहित पूरी कॉलोनी की महिला पुरुषों एवं बच्चों ने भाग लिया।
अंत में सभी भक्तों ने सामूहिक भोजन प्रसादी ग्रहण की। इस धार्मिक आयोजन ने क्षेत्र में एकता और सौहार्द का संदेश दिया।
