जिला कलक्टर की अध्यक्षता में आवश्यक सेवाओं की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित
बूंदी- स्मार्ट हलचल|जिला कलक्टर हरफूल सिंह यादव की अध्यक्षता में सोमवार को आवश्यक सेवाओं से जुड़ी साप्ताहिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिले में पेयजल, विद्युत आपूर्ति और चिकित्सा व्यवस्था की गहन समीक्षा की गई और अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए। उन्होंने निर्देश दिए कि विकास कार्यों और आमजन की सुविधाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं हो।
जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि बूंदी शहर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों में सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य योजना बनाकर काम करें। इससे निर्माण कार्य तय समय सीमा और गुणवत्ता के साथ पूरे हो सकेंगे। इससे विकास कार्यों में अनावश्यक रुकावट नहीं आएगी और शहरवासियों को समय पर सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।
बैठक में जिला कलक्टर ने उपवन संरक्षक को निर्देश दिए कि जिले के वन क्षेत्रों में पनप रही जूली फ्लोरा को कार्ययोजना बनाकर व्यवस्थित रूप से हटाया जाएं। इसकी जगह स्थानीय किस्म के पेड़-पौधे लगाकर वन क्षेत्र को हरा-भरा किया जाएं। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए जिला कलक्टर ने नवल सागर में निर्माणाधीन लाइट एंड साउंड शो का काम जल्द से जल्द पूरा कर आमजन के लिए शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
शहर की सफाई व्यवस्था के संबंध में जिला कलक्टर ने नगर परिषद आयुक्त को मिशन मोड पर काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर परिषद टीम गठित कर शहर के विभिन्न ब्लॉकों में अधिकारियों को भी सफाई की जिम्मेदारी सौंपे। साथ ही, सड़कों से निराश्रित पशुओं को तत्काल हटाया जाएं।
गर्मी और लू के मद्देनजर जिला कलक्टर ने सभी चिकित्सा संस्थानों में मरीजों के लिए छाया, पेयजल और कूलर की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। अस्पतालों में ओआरएस और अन्य आवश्यक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा आमजन को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पानी के सैंपल लेकर जांच कराने और बाजारों में बिकने वाली आइसक्रीम की भी सैंपलिंग करने के निर्देश दिए।
अतिरिक्त वाहन लगाकर कराएं गेहूं का उठाव
समर्थन मूल्य पर चल रही गेहूं खरीद व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि खरीदी गई जिंस का उठाव जल्द से जल्द हो। इसके लिए जिला रसद अधिकारी और परिवहन अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर अतिरिक्त वाहनों की व्यवस्था करें। बैठक में बारदाने की उपलब्धता की भी जानकारी ली गई और व्यवस्थाओं को सुचारू रखने पर जोर दिया गया।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर रामकिशोर मीणा, उप वन संरक्षक (आरवीटीआर) अरूण कुमार डी., मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ओपी सामर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहें।
