मामा के घर आई किशोरी की यमुना नदी में डूबने से मौत

_गोद भराई की खुशियां मातम में बदलीं, सहेलियों संग नहाने गई थी 15 वर्षीय अंजू

खखरेरू /स्मार्ट हलचल|फतेहपुर थाना क्षेत्र के कोट मजरे चंदनमऊ गांव में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 15 वर्षीय किशोरी की यमुना नदी में डूबने से मौत हो गई। किशोरी अपने मामा के घर गोद भराई कार्यक्रम में शामिल होने आई थी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है और खुशियां मातम में बदल गईं।
जानकारी के अनुसार कौशाम्बी जिले के पुनवार गांव निवासी अंजू कुमारी (15) पुत्री फूलचन्द्र सोनकर रविवार को परिवार के साथ अपने मामा रमेश सोनकर के घर आई थी। सोमवार सुबह करीब 7 बजे वह अपनी सहेलियों के साथ गांव के पास बह रही यमुना नदी में नहाने गई थी। नहाते समय अचानक वह गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी।
सहेलियों के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और नदी में उतरकर किशोरी की तलाश शुरू की। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने अंजू को बाहर निकाला। उस समय उसकी सांसें चल रही थीं। परिजन उसे तत्काल एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों के अनुसार अंजू अपने माता-पिता की चार बेटियों में दूसरे नंबर पर थी। बड़ी बहनों के नाम पूनम और अंजलि हैं, जबकि दो भाई मितलेश कुमार और अमित हैं। हादसे के बाद परिवार और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थाना प्रभारी विद्या प्रकाश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।