बानसूर। स्मार्ट हलचल|नगरपालिका क्षेत्र में सफाईकर्मियों की पिछले एक सप्ताह से जारी हड़ताल के चलते सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर हो रही इस हड़ताल के कारण मुख्य बाजारों सहित कई इलाकों में कचरे के ढेर लग गए हैं, जिससे आमजन और व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को कस्बेवासियों ने एकजुट होकर उपखंड अधिकारी अनुराग हरित को ज्ञापन सौंपते हुए जल्द सफाई व्यवस्था बहाल करने की मांग की। उनका कहना है कि गंदगी और बदबू से ग्राहकों की आवाजाही कम हो रही है, जिससे व्यापार प्रभावित हो रहा है। वहीं स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से शीघ्र समाधान की मांग की है। उनका कहना है कि बढ़ती गंदगी के कारण बीमारियों का खतरा बढ़ गया है,जो गर्मी के मौसम में और गंभीर हो सकता है।
