निर्माणाधीन अस्पताल भवन में ठेकेदार की धारदार हथियार से हत्या पुलिस जांच में जुटी, परिजनों ने कराया हत्या का मामला दर्ज

बानसूर। स्मार्ट हलचल|कस्बे के काली माता मंदिर के पास निर्माणाधीन राजकीय उपजिला अस्पताल के भवन में डक्टिंग फिटिंग का काम करने वाले ठेकेदार की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। सुबह काम कर रहे लोगो ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। शव मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना पर डीएसपी मेघा गोयल, थाना प्रभारी राजेश यादव घटनास्थल पहुंचे और घटना की जानकारी लेकर शव को कब्जे में लिया एवं एफएसएल एवं एमओबी टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाएं। डीएसपी मेघा गोयल ने बताया कि सुबह पौने सात बजे सूचना मिली की निर्माणाधीन अस्पताल भवन में एसी व डक्टिंग कार्य के ठेकेदार रामसिंह राजपूत निवासी केरला जिला फलोदी जोधपुर की हत्या कर दी गई। सुबह अन्य श्रमिकों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी गई। उच्च अधिकारियों के निर्देश पर नीमराना एएसपी सुरेश खींची भी घटना स्थल पर पहुंचे और जानकारी प्राप्त की। मृतक के शरीर पर जगह जगह धारदार हथियार से चोट के निशान है। पुलिस ने स्थानीय अस्पताल की मोर्चरी से मृतक का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया है। मृतक के भतीजे ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी हैं।