असर लेकिन अधूरा: सड़क किनारे खड़े बिजली पोल दे रहे हादसे को दावत, न ठेकेदार लौटा न विभाग जागा

असर लेकिन अधूरा: सड़क किनारे खड़े बिजली पोल दे रहे हादसे को दावत, न ठेकेदार लौटा न विभाग जागा

जहाजपुर (अलकेश पारीक / स्मार्ट हलचल)। क्षेत्र में सड़क किनारे नियमों को ताक पर रखकर लगाए जा रहे बिजली के पोलों का मामला मीडिया में उछलने के बाद भले ही थम गया हो, लेकिन लोगों की जान पर मंडरा रहा खतरा अभी भी जस का तस बना हुआ है। खबर प्रकाशित होने के बाद ठेकेदार ने काम तो बंद कर दिया, लेकिन बिजली विभाग ने अब तक न तो इन खतरनाक पोलों को वहां से हटाया है और न ही उन्हें सुरक्षित दूरी पर लगाने की कोई जहमत उठाई है।

सड़क सीमा में खड़े पोल बने जानलेवा, मशीन से टूटी सड़क

मौके पर हालत यह है कि सड़क के बिल्कुल किनारे और कई जगह तो सड़क सीमा के अंदर तक खड़े ये पोल हर दिन हादसे को न्योता दे रहे हैं। खासकर रात के अंधेरे में या तेज रफ्तार वाहनों के लिए ये सीधे तौर पर जानलेवा साबित हो सकते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, पोल लगाने के दौरान भारी मशीनों का उपयोग किया गया, जिससे सड़क भी कई जगह से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है, लेकिन जिम्मेदार मौन हैं।

क्या विभाग किसी बड़े हादसे का कर रहा इंतजार?

ग्रामीणों का कहना है कि खबर छपने के बाद सुधार की उम्मीद जगी थी, लेकिन अब मामला ठंडे बस्ते में है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि जब खबर के बाद काम रुक सकता है, तो सुधार क्यों नहीं हो रहा? क्या विभाग किसी जनहानि का इंतजार कर रहा है?

लोगों ने प्रशासन और बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि जल्द से जल्द इन खतरनाक पोलों को सड़क से दूर सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जाए, ताकि किसी भी अनहोनी को टाला जा सके।