शाहपुरा: ‘देवीय दोष’ दूर करने का झांसा देकर महिला को किया सम्मोहित, नकदी और अंगूठी सहित पर्स ले उड़े ठग

शाहपुरा: ‘देवीय दोष’ दूर करने का झांसा देकर महिला को किया सम्मोहित, नकदी और अंगूठी सहित पर्स ले उड़े ठग

शाहपुरा (स्मार्ट हलचल)। कस्बे के रामनिवास धाम के बाहर रामद्वारा बाजार में मंगलवार सुबह ठगी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां दो अज्ञात युवकों ने दर्शन कर लौट रही एक विधवा महिला को ‘देवीय दोष’ से मुक्ति दिलाने का झांसा देकर उसे बातों में उलझा लिया और सम्मोहित कर सोने की अंगूठी, नकदी व दस्तावेजों से भरा पर्स लेकर फरार हो गए।

रास्ते में रोका, बातों में उलझाकर किया सम्मोहित

जानकारी के अनुसार, शाहपुरा के तेली पाड़ा निवासी गोपीदेवी सिंधी (पत्नी स्व. रमेशचंद्र) रामद्वारा के दर्शन कर पैदल घर लौट रही थीं। रामद्वारा बाजार के फुटपाथ पर एक युवक ने उन्हें रोककर कहा कि उन पर ‘देवीय दोष’ है। उसने दोष निवारण के लिए अंगूठी मांगी। घबराई महिला ने अंगूठी पर्स में रख ली। तभी वहां एक दूसरा युवक आया और पहले वाले की बातों का समर्थन करते हुए महिला से पर्स सौंपने को कहा। ठगों की बातों में आकर महिला सुध-बुध खो बैठी और अपना पर्स दे दिया। युवकों ने उसे कुछ कदम चलकर वापस आने को कहा और इसी बीच रफूचक्कर हो गए।

पर्स में नकदी व आधार कार्ड था मौजूद, पुलिस कर रही तलाश

ठगी का अहसास होने पर महिला रोने लगी और परिचितों को बुलाकर तुरंत पुलिस थाने पहुंची। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि पर्स में सोने की अंगूठी, करीब 2500 रुपये नकद, आधार कार्ड और कुछ जरूरी पर्चियां रखी हुई थीं।

शाहपुरा पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों व अन्य माध्यमों से फरार युवकों की सरगर्मी से तलाश कर रही है, लेकिन अभी तक ठगों का कोई सुराग नहीं लग पाया है।