कलेक्ट्रेट परिसर में रंगे हाथों पकड़े गए, आवास व ठिकानों पर तलाशी जारी
पुनित चपलोत
भीलवाड़ा // भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने मंगलवार को भीलवाड़ा में बड़ी कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) के अधिशाषी अभियंता शहजाद मोहम्मद सहित दो ठेकेदारों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। एसीबी टीम ने आरोपियों के कब्जे से 4 लाख 4 हजार रुपए की रिश्वत राशि बरामद की है।
एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर भीलवाड़ा प्रथम चौकी की टीम ने ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया । आरोप है कि अधिशाषी अभियंता शहजाद मोहम्मद द्वारा पीडब्ल्यूडी के ठेकेदारों से करवाए गए कार्यों के भुगतान और अन्य लाभ दिलाने के नाम पर अवैध वसूली की जा रही थी। यह राशि स्वयं के साथ-साथ अधीक्षण अभियंता खेमचंद मीणा के लिए भी एकत्र की जा रही थी।
महानिदेशक पुलिस गोविंद गुप्ता के अनुसार, विभाग में भ्रष्टाचार की लगातार मिल रही सूचनाओं के आधार पर टीम ने निगरानी शुरू की थी। जांच के दौरान लोकसेवकों और निजी व्यक्तियों की मिलीभगत से रिश्वत लेने का मामला सामने आया। मंगलवार को एसीबी अजमेर रेंज के उप महानिरीक्षक नारायण टोगस के सुपरविजन में उप अधीक्षक पुलिस पारसमल व उनकी टीम ने कलेक्ट्रेट कार्यालय परिसर में ट्रैप बिछाकर अधिशाषी अभियंता शहजाद मोहम्मद, ठेकेदार मोडूराम धाकड़ और बनवारीलाल को रिश्वत का लेनदेन करते हुए पकड़ लिया। मौके पर ही 4.04 लाख रुपए की नकद राशि जब्त की गई।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव और महानिरीक्षक एस. परिमला के निर्देशन में आरोपियों से पूछताछ जारी है। साथ ही उनके आवास एवं अन्य ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। एसीबी ने इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
