सहकारी दवा केंद्रों पर अब बढ़ेगी जेनेरिक दवाओं की धमक, अधिकारियों ने जारी किए जागरूकता पोस्टर

अनिल कुमार

ब्यावर। स्मार्ट हलचल|शासन सचिव एवं रजिस्ट्रार, सहकारिता विभाग द्वारा गत 21 अप्रैल को समीक्षा बैठक में दिए गए कड़े निर्देशों के बाद अब धरातल पर कार्य शुरू हो गया है। इसी क्रम में ब्यावर के सहकारी दवा वितरण केंद्रों पर जेनेरिक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने और आमजन को जागरूक करने के लिए विशेष पोस्टर व बैनर का अनावरण किया गया।

प्रमुख हस्तियों की रही मौजूदगी
बीएनके सहकारी उपभोक्ता होलसेल भंडार लि. के अध्यक्ष रतन सिंह मेहता और उप रजिस्ट्रार हीरालाल जीनगर के सानिध्य में आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य और सहकारिता विभाग के आला अधिकारियों ने शिरकत की। अतिरिक्त जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी लोकेश कुमावत ने इस दौरान जेनेरिक दवाओं की महत्ता पर प्रकाश डाला और बताया कि ये दवाएं उतनी ही असरदार हैं जितनी महंगी ब्रांडेड दवाएं।

पेंशनरों के लिए बड़ी राहत
कार्यक्रम के दौरान महाप्रबंधक यशपाल सिंह और क्रय विक्रय सहकारी समिति के सीईओ विश्वेंद्र गुर्जर ने विश्वास दिलाया कि भंडार के केंद्रों पर दवाओं की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। इस अवसर पर आदित्य मल्टीस्टेट के अध्यक्ष श्री रघुवीर सिंह चारण सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

तकनीकी टीम और जनभागीदारी
कार्यक्रम को सफल बनाने में फार्मासिस्ट टीम के डॉ. वाजिब अख्तर, गुलाब रामचंदानी, हेमंत भाटी और कुलदीप सिंह का विशेष सहयोग रहा। पोस्टर अनावरण के दौरान बड़ी संख्या में पेंशनर धारक और उनके परिजन भी मौजूद रहे, जिन्होंने सरकार की इस पहल को मध्यम वर्ग के लिए बड़ी आर्थिक राहत बताया।

अभियान का लक्ष्य
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य भ्रांतियों को दूर कर लोगों को कम कीमत पर उच्च गुणवत्ता वाली दवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि आम आदमी के घर का बजट चिकित्सा खर्च के बोझ से न बिगड़े।