ड्रग्स माफिया पर बड़ा प्रहार: डेढ़ करोड़ की अवैध संपत्ति जब्त

भूमि और होटल पर पुलिस का कब्जा, NDPS मामलों में घिरे आरोपी पर कसा शिकंजा

चित्तौड़गढ़ / भीलवाड़ा |स्मार्ट हलचल|मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चल रहे अभियान में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी की करीब डेढ़ करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति जब्त कर ली। मंगलवाड़ थाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई से ड्रग्स नेटवर्क में हड़कंप मच गया है।
पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर तस्करी से अर्जित संपत्तियों को चिन्हित कर लगातार जब्ती की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में चकतिया निवासी रामेश्वर उर्फ रामेश्वरलाल पुत्र मोतीलाल अहीर को चिन्हित किया गया, जिसके खिलाफ NDPS एक्ट के तहत विभिन्न राज्यों में कई मामले दर्ज हैं।
दिल्ली से मिली हरी झंडी, फिर चला बुलडोजर एक्शन
जांच के बाद आरोपी की 1.2081 हेक्टेयर भूमि और एक होटल को जब्त करने का प्रस्ताव सक्षम प्राधिकारी को भेजा गया था। सुनवाई के बाद भारत सरकार के सक्षम प्राधिकारी ने स्थायी जब्ती आदेश जारी किया।
जमीन से लेकर होटल तक सीज:-
आदेश मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संपत्ति को विधिवत जब्त कर लिया और सूचना पट्ट लगा दिए। प्रारंभिक आकलन में जब्त संपत्ति की कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
अवैध कमाई अब सुरक्षित नहीं:-
पुलिस ने साफ किया है कि अवैध गतिविधियों से अर्जित संपत्तियों पर आगे भी इसी तरह कड़ा प्रहार जारी रहेगा, ताकि मादक पदार्थ तस्करी पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।