पुनित चपलोत
भीलवाड़ा // भीलवाड़ा में ब्याज माफियाओं का आतंक थमने का नाम ही नहीं ले रहा है।ब्याज माफियाओं की प्रताड़ना से परेशान होकर एक अधेड ने मंगलवार को आत्महत्या कर ली।मृतक सूर्य प्रकाश दाधीच ने आत्महत्या से पहले वीडियो बनाकर सूदखोरों पर गंभीर आरोप लगाए। घटना के बाद परिजनों और समाज के लोगों ने प्रदर्शन कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई। सूर्य प्रकाश दाधीच आरके कॉलोनी पार्क में अचेत अवस्था में मिले थे। उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इससे पूर्व उन्होनें अपने द्वारा बनाएं वीडियो में कहा कि जिन लोगों से उन्होंने पैसा लिया था, उन्हें कई गुना रकम चुका दी, लेकिन इसके बावजूद लगातार तकाजा और प्रताड़ना जारी रही। उन्होंने अपने भाई भरत से परिवार का ध्यान रखने की अपील भी की। मृतक के साले संजय तिवारी ने कहा कि मेरे जीजा सूर्य प्रकाश दाधीच लंबे समय से सूदखोरों की प्रताड़ना झेल रहे थे। उन्हें लगातार फोन कर परेशान किया जा रहा था। यहां तक कि परिवार के बच्चों और अन्य सदस्यों को भी धमकी भरे कॉल किए जा रहे थे। उन्होने अपने वीडियो में साफ बताया है कि उन्होंने मूल रकम से कई गुना ज्यादा पैसा चुका दिया था, लेकिन इसके बावजूद उनसे बार-बार पैसों की मांग की जा रही थी। हमारी प्रशासन से मांग की कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर परिवार को न्याय दिलाया जाए। सुभाष नगर थाना प्रभारी कैलाश चंद्र विश्नोई ने कहा कि सूर्य प्रकाश दाधीच, निवासी सर्वेश्वर कॉलोनी, ने जहरीली वस्तु का सेवन किया था। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर मामला दर्ज करके मृतक द्वारा बनाए गए वीडियो और परिजनों के बयान सहित सभी तथ्यों की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई की जाएगी ।
