ठेकेदार की हत्या का खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार

बानसूर।स्मार्ट हलचल|कस्बे के निर्माणाधीन उप जिला अस्पताल में रविवार रात हुई एसी ठेकेदार की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज वारदात में ठेकेदार के साथ काम करने वाले युवक ने ही साजिश रचकर अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या को अंजाम दिया था। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद कर लिए हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह ने बताया कि मृतक ठेकेदार रामसिंह, जो फलोदी (जोधपुर) का निवासी था, के साथ काम करने वाले फैजान निवासी रामगढ़ ने ही इस पूरी वारदात की योजना बनाई थी। उसने अपने साथियों को दिल्ली से बुलाया और अस्पताल परिसर में चोरी करने के इरादे से सभी आरोपी लोडिंग वाहन में सवार होकर पहुंचे।
घटना के समय रामसिंह का भतीजा वीरेन्द्र सिंह चौथी मंजिल पर सो रहा था, जबकि फैजान ठेकेदार से करीब 20 मीटर दूर लेटा हुआ था। आरोपियों ने जब स्टोर का ताला तोड़कर चोरी की कोशिश की, तो रामसिंह की नींद खुल गई। उसने विरोध किया, जिस पर आरोपियों ने चाकू और छुरे से उस पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी करीब 2 लाख रुपये का सामान चोरी कर फरार हो गए।
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी फैजान की कुछ दिनों बाद शादी होने वाली थी और उसे पैसों की जरूरत थी। इसी लालच में उसने इस वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई।
पुलिस ने फैजान सहित मोहम्मद बिलाल (बिजनौर), मोहम्मद सोहेल (मुरादाबाद), हिमांशु (गाजियाबाद) और सायमान को दिल्ली के कोटला क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। फिलहाल पुलिस चोरी गए सामान की बरामदगी में जुटी हुई है।