सुनेल में ‘जहरीला’ हुआ नल का पानी—बदबूदार सप्लाई से फैला आक्रोश, बीमारियों की आशंका

सुनेल 6 अप्रैल 2026|स्मार्ट हलचल |सुनेल कस्बे में इन दिनों पेयजल व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई नजर आ रही है। कस्बे के कई मोहल्लों में नलों से गंदा, बदबूदार और दूषित पानी सप्लाई हो रहा है, जिससे आमजन का जीवन प्रभावित हो गया है। हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि यह पानी उपयोग के लायक भी नहीं रह गया है। भीषण गर्मी के बीच जहां पानी की मांग बढ़ गई है, वहीं जलदाय विभाग की लापरवाही ने समस्या को और गंभीर बना दिया है। नवलपुरा मोहल्ला सहित कई क्षेत्रों में लोगों को साफ पेयजल नसीब नहीं हो रहा। मजबूरी में लोग दूषित पानी का उपयोग कर रहे हैं, जिससे पेट व संक्रमण संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
कस्बे वासियों के अनुसार, कस्बे में जगह-जगह पाइपलाइन लीकेज होने के कारण गंदा और बदबूदार पानी सप्लाई में मिल रहा है। कई घरों में नलों से निकलने वाला पानी पीले रंग का और दुर्गंधयुक्त है, जिसे देखकर लोग चिंतित और आक्रोशित हैं। कस्बेवासियों का कहना है कि इस गंभीर समस्या को लेकर कई बार विभाग को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। विभाग की उदासीनता के चलते लोगों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है। अधिकारी बदलते ही समस्याएं फाइलों में दफन हो जाती है लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया और साफ पानी की नियमित आपूर्ति शुरू नहीं हुई, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।
वर्जन:
सहायक अभियंता, पीएचईडी सुनेल राजेश कुमार ने बताया कि एक दिन के शटडाउन के कारण पानी की सप्लाई प्रभावित हुई थी। यदि कहीं गंदा पानी आ रहा है, तो संबंधित पाइपलाइनों की जांच कर उन्हें शीघ्र दुरुस्त कराया जाएगा.