अनिल कुमार
स्मार्ट हलचल|ब्यावर जिला पुलिस अधीक्षक रतनसिंह (IPS) के निर्देशन में वांछित अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जैतारण थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के एक मामले में पिछले एक साल से फरार चल रहे शातिर आरोपी को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है।
क्या है मामला?
जानकारी के अनुसार, आरोपी रविशंकर माली (27) पुत्र सत्यनारायण माली, निवासी नेवरिया (चित्तौड़गढ़), पुलिस थाना जैतारण के प्रकरण संख्या 149/2025 (धारा 8/15, 8/25 एनडीपीएस एक्ट) में वांछित था। यह आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए पिछले एक वर्ष से लगातार ठिकाने बदल रहा था।
ऐसे हुई गिरफ्तारी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ब्यावर) भूपेन्द्र शर्मा और वृताधिकारी (जैतारण) सतेन्द्र सिंह नेगी के सुपरविजन में थानाधिकारी धोलाराम के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने पारंपरिक पुलिसिंग और मुखबिरों की सूचना पर कड़ी मशक्कत करते हुए आरोपी का पीछा किया। अंततः घेराबंदी कर आरोपी को दस्तयाब कर लिया गया। पूछताछ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक अभिरक्षा (J.C.) में भेज दिया गया है।
पुलिस टीम की भूमिका
इस सफल कार्यवाही में जैतारण थानाधिकारी धोलाराम के साथ कांस्टेबल अजीत सिंह (434), प्रहलाद (470) और किशोर (612) की विशेष भूमिका रही। जिला पुलिस द्वारा अपराधियों की धरपकड़ के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
