लाडपुरा और श्यामगढ़ पहुंचा ‘ग्राम रथ’, 13 विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी

लाडपुरा और श्यामगढ़ पहुंचा ‘ग्राम रथ’, 13 विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी

लाडपुरा (शिव जांगिड़ / स्मार्ट हलचल)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार की ओर से संचालित ‘किसान समृद्धि’ एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए जन जागरूकता विकास रथ (ग्राम रथ) गांव-गांव पहुंच रहा है। गुरुवार को यह विकास रथ ग्राम पंचायत श्यामगढ़ और लाडपुरा पहुंचा, जहां ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक इसका स्वागत किया। रथ के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई और पात्र लोगों को इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।

कला जत्थों और देसी अंदाज ने जीता ग्रामीणों का दिल

इस डिजिटल दौर में भी पारंपरिक ‘कला जत्था’ और संवाद के देसी अंदाज ने ग्रामीणों का दिल जीत लिया है। कार्यक्रम के दौरान लोक कलाकारों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए सरकारी योजनाओं को बहुत ही सरल भाषा में समझाया। इसके अलावा रथ में लगी मोबाइल एलईडी (LED) वैन के माध्यम से योजनाओं के वीडियो दिखाए गए और प्रचार-प्रसार सामग्री का भी वितरण किया गया।

13 विभागों का संगम, रखी गई ‘सुझाव पेटिका’

ग्राम विकास अधिकारी रति राम मीणा ने बताया कि ग्राम रथ के माध्यम से कृषि, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, सहकारिता, सिंचाई, उद्योग और ग्रामीण विकास सहित 13 प्रमुख विभागों की योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। रथ के साथ एक ‘सुझाव पेटिका’ भी रखी गई है, जिसमें ग्रामीण अपने लिखित सुझाव दे सकते हैं।

ये रहे उपस्थित: इस अवसर पर ग्राम पंचायत प्रशासक प्रकाश कंवर शक्तावत, सहकारी समिति व्यवस्थापक कैलाश चंद्र तेली, कृषि पर्यवेक्षक रामेश्वर गुर्जर, भाजपा ग्रामीण मंडल महामंत्री मोहन सिंह शक्तावत, पशुधन निरीक्षक देवेंद्र शर्मा, एएनएम लाजवंती कोली, कनिष्ठ सहायक भागीरथ मीणा, चांदमल माली सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।