बूंदी-स्मार्ट हलचल|जिले के महत्वपूर्ण विकास कार्य व परियोजनाओं, बजट घोषणा 2024-25, 2025-26, 2026-27 की समीक्षात्मक बैठक गुरूवार को कलेक्ट्रेट सभागार में लोकसभा सचिवालय के संयुक्त सचिव गौरव गोयल की अध्यक्षता में आयोजित हुई।
बैठक में बजट घोषणाओं के तहत स्वीकृत विभिन्न विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने निर्देश दिये कि अप्रारंभ कार्यों को प्राथमिकता के साथ शीघ्र शुरू करावें, प्रगतिरत कार्यों को जल्द पूर्ण किया जावें। सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जावें। उन्होंने निर्देश दिये की मेज नदी पर निर्माणाधीन हाई लेवल ब्रिज के शेष बचे निर्माण कार्यों को भी प्राथमिकता के साथ लेते हुए अतिशीघ्र पूर्ण करावें ताकि आमजन को जल्द से जल्द इसकी सुविधा उपलब्ध हो सके। संबंधित विभाग आपसी सामंजस्य के साथ कार्ययोजना बनाकर लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करावें व जिन कार्यों में टेंडर जारी हो चुके हैं वहां आवश्यक कार्यवाही करते हुए निर्माण कार्य शुरू करवाए जावें।
उन्होंने पापड़ी रेलवे ओवरब्रिज क्षतिग्रस्त होने पर कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा की रिडकोर ओवरब्रिज को तुरंत प्रभाव से दुरुस्त करवाना सुनिश्चित करें । जल्द से जल्द पुलिया पर डामरीकरण का कार्य शुरू किया जावें। इस कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभिन्न परियोजनाओं के लिए भूमि आवाप्ति के प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्यवाही की जावें ताकि जनकल्याणकारी परियोजनाएं धरातल पर लागू की जा सके।
श्री गोयल ने कहा कि बूंदी शहर में स्वीकृत तीन नए जीएसएस के निर्माण कार्यों को शीघ्र शुरू करवाया जावें, उन्होंने पीएम सूर्य घर योजना एवं आदर्श सोलर ग्राम योजना की बिंदुवार समीक्षा करते हुए निर्देश दिए की विभाग द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को विशेष प्रयास करते हुए अर्जित किया जावें। कृषि कनेक्शन के लंबित आवेदनों का वरीयता अनुसार निस्तारण किया जावें साथ ही बजट घाषणाओं में स्वीकृत कार्यों को धरातल पर लागू किया जावें। उन्होंने सीएसआर, माडा, सांसद-विधायक कोष से स्वीकृत कार्य, मनरेगा के तहत शमशान विकास कार्य, इंटरलोकिंग, सीसी सड़क निर्माण, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजना की भी विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने समर्थन मूल्य पर खरीद किए जा रहे गेहूं के लिए स्थापित खरीद केंद्रों पर आने वाले कृषकों के लिए छाया, पानी, बैठने की व्यवस्था, हीटवेव के मद्देनजर आवश्यक दवाओं की उपलब्धता पर्याप्त संख्या में रखने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि खरीद केंद्रों पर बारदाने की पर्याप्त संख्या रखी जावें। साथ ही गुणवत्ता का भी ध्यान रखा जावें। स्टॉक का उठाव तुरंत प्रभाव से किया जावें ताकि खरीद केंद्र पर अव्यवस्था ना फैले। परिवहन के लिए पर्याप्त संख्या में ट्रकों की व्यवस्था रखी जावें। सभी खरीद एजेंसियां स्वयं के निर्धारित लक्ष्यों को विशेष प्रयास करते हुए हासिल करें। उन्होंने निर्देश दिए की सभी चिकित्सा संस्थानों में पर्याप्त संख्या में जीवन रक्षक दवाएं उपलब्ध रहे। साथ ही आमजन को हीटवेव से बचाव को लेकर जागरूक किया जावें। साफ सफाई पर विशेष ध्यान दिया जावें।
इस दौरान संभागीय आयुक्त अनिल कुमार अग्रवाल, लोकसभा अध्यक्ष के ओएसडी राजेश गोयल, जिला कलक्टर हरफूल सिंह यादव, लोकसभा अध्यक्ष के अतिरिक्त निजी सचिव राजेश डागा, अतिरिक्त जिला कलक्टर रामकिशोर मीणा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहें।
