जिला स्तरीय सीनियर शतरंज चयन प्रतियोगिता 10 मई को

पुरुष, महिला, बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ी लेंगे भाग, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए होगा चयन

चित्तौड़गढ़, स्मार्ट हलचल। चित्तौड़गढ़ जिला शतरंज संघ के तत्वावधान में जिला स्तरीय सीनियर शतरंज चयन प्रतियोगिता का आयोजन 10 मई 2026, रविवार को किया जाएगा। प्रतियोगिता स्थानीय चित्तौड़ चैसकिंग अकादमी, नगरपालिका कॉलोनी, पुराने आरटीओ ऑफिस के पीछे, चित्तौड़गढ़ में सुबह 9:30 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित होगी।संघ के संयुक्त सचिव चेतन गौड़ एवं गोविंद चावला ने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन चित्तौड़ चैसकिंग अकादमी के सहयोग से यूनियन चैस क्लब, टाइगर चैस क्लब एवं जिनियस प्लेयर्स चैस क्लब के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। प्रतियोगिता में सीनियर ओपन वर्ग (पुरुष एवं महिला), बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ी भाग ले सकेंगे।

जिला शतरंज संघ के अध्यक्ष कैलाश भूतड़ा एवं सचिव निलेश बल्दवा ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ी अपना पंजीयन 8 मई 2026, शुक्रवार शाम 6 बजे तक करवा सकेंगे। इसके बाद किसी भी प्रकार का पंजीयन स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि खिलाड़ी अपना ऑनलाइन पंजीयन वेबसाइट livechess.in पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से कर सकते हैं।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिले के चार खिलाड़ियों का चयन आगामी 16 मई से 20 मई 2026 तक कोटा में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। चयनित खिलाड़ी राज्य स्तर पर चित्तौड़गढ़ जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

संघ पदाधिकारियों ने जिले के अधिकाधिक खिलाड़ियों से प्रतियोगिता में भाग लेकर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का आह्वान किया है।