वन स्टॉप सखी सेंटर का औचक निरीक्षण, पीड़ित महिलाओं को त्वरित सहायता देने के निर्देश

अनिल कुमार

ब्यावर। स्मार्ट हलचल|राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशों की पालना में गुरुवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) कमल कुमार ने अमृत कौर चिकित्सालय परिसर में संचालित ‘वन स्टॉप सखी सेंटर’ का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र की कार्यप्रणाली को बारीकी से समझा और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

व्यवस्थाओं का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान सीजेएम कमल कुमार ने केंद्र पर पीड़ित महिलाओं के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुरक्षा व्यवस्था, काउंसलिंग सुविधाओं, अस्थायी आवास और चिकित्सा सहायता का गहन अवलोकन किया। उन्होंने केंद्र के रिकॉर्ड और फाइलों की भी जांच की ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि प्रत्येक मामले में नियमानुसार कार्यवाही हो रही है।

तत्परता और संवेदनशीलता पर जोर
न्यायिक अधिकारी ने केंद्र के कार्मिकों से संवाद करते हुए कहा कि महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि केंद्र पर आने वाली हर जरूरतमंद महिला को त्वरित और प्रभावी विधिक सहायता मिलनी चाहिए। उन्होंने कार्य में संवेदनशीलता और तत्परता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

ये रहे उपस्थित
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय गहलोत, सामाजिक अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक जगदीश चौधरी, केंद्र प्रभारी प्रतिभा सलोटरी, काउंसलर सरिता नाथ एवं चेतना ग्वाला सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा।