नव निर्वाचित कार्यकारिणी ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ, महिला सशक्तिकरण पर दिया विशेष संदेश
चित्तौड़गढ़, स्मार्ट हलचल। अखिल मारवाड़ी महिला सम्मेलन सांवरिया शाखा का शपथ ग्रहण समारोह बुधवार को उत्साह और गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रदेश स्तरीय अतिथियों का शाखा की बहनों द्वारा संगीतमय शाही अंदाज में पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेशाध्यक्ष अंबिका हेड़ा, प्रदेश सचिव रागिनी खंडेलवाल, प्रदेश कोषाध्यक्ष सुनीता बडाया एवं प्रदेश पर्यावरण प्रमुख सुषमा खंडेलवाल द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात सामूहिक प्रार्थना गान प्रस्तुत किया गया।
गोदावरी ग्रुप द्वारा भारतीय संस्कृति और देशभक्ति से ओतप्रोत स्वागत नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी गई, जिसने सभी का मन मोह लिया। शाखा कार्यकारिणी एवं प्रदेश सदस्यों ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ, पगड़ी, उपरना एवं पौधा भेंट कर अभिनंदन किया।
सलाहकार समिति प्रमुख मंजू तोषनीवाल एवं प्रदेश संबंध समन्वय प्रमुख लीला आगाल ने स्वागत उद्बोधन देते हुए संगठन की गतिविधियों एवं महिला सहभागिता पर प्रकाश डाला।
प्रदेशाध्यक्ष अंबिका हेड़ा ने अपने संबोधन में महिलाओं को संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने “संस्कार ही धरोहर” विषय पर बोलते हुए बच्चों की शिक्षा, पारिवारिक मूल्यों एवं सामाजिक संबंधों को मजबूत बनाने पर जोर दिया। साथ ही आगामी सत्र में आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए सदस्यों को प्रेरित किया।
कार्यक्रम में कार्यकारिणी सदस्यों द्वारा महिला सशक्तिकरण विषय पर प्रस्तुति देकर समाज को सकारात्मक संदेश दिया गया।
प्रदेशाध्यक्ष द्वारा नव निर्वाचित कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। इसमें अध्यक्ष आशा पोखरना, सचिव डॉ. रेनू सोमानी, उपाध्यक्ष संगीता कलंत्री, कोषाध्यक्ष रीना जागेटिया, बाल विकास प्रमुख अर्पना अरोड़ा, तकनीकी प्रमुख हिना अजमेरा, जनसंपर्क प्रमुख बबीता विजयवर्गीय, पर्यावरण प्रमुख नेहा न्याती, संबंध समन्वय प्रमुख प्रियंका नाराणीवाल, संस्कार संस्कृति प्रमुख प्रियंका आगाल, कार्यालय संगिनी स्नेहलता सोमानी एवं नेत्र-अंगदान प्रमुख निशा मंडोवरा शामिल रहीं।
इस अवसर पर सभी ग्रुप लीडर्स का उपरना ओढ़ाकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रेनू सोमानी ने किया। अंत में नव निर्वाचित अध्यक्ष आशा पोखरना ने कार्यक्रम की सफल आयोजन में सहयोग करने वाली सभी बहनों का आभार व्यक्त किया।
