केशोराय पाटन – स्मार्ट हलचल|राजस्थान में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही मुहिम के बीच राजस्थान एंटी करप्शन ब्यूरो की स्पेशल यूनिट कोटा ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए ग्राम विकास अधिकारी सतवीर सिंह कुमावत को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी ग्राम विकास अधिकारी ने सफाई कार्य के बकाया बिल पास करने तथा सिक्योरिटी राशि वापस जारी कराने के बदले परिवादी से रिश्वत की मांग की थी। लगातार हो रही मांग से परेशान परिवादी ने एसीबी से शिकायत की, जिसके बाद एसीबी ने शिकायत का सत्यापन कर ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया। एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा के नेतृत्व में टीम ने पंचायत समिति केशोराय पाटन में जाल बिछाया और आरोपी को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते ही दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान पंचायत समिति परिसर में हड़कंप मच गया।
सूत्रों के अनुसार एसीबी अब आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और यह भी खंगाला जा रहा है कि भ्रष्टाचार के इस खेल में अन्य कर्मचारी या अधिकारी भी शामिल हैं या नहीं। प्रदेश में लगातार सामने आ रहे रिश्वतखोरी के मामलों ने सरकारी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आमजन का कहना है कि सरकारी दफ्तरों में बिना रिश्वत के आम आदमी के काम अटकाए जाते हैं, जिससे भ्रष्टाचार की जड़ें लगातार गहरी होती जा रही हैं। एसीबी की इस बड़ी कार्रवाई के बाद सरकारी महकमे में खलबली मच गई है और कई भ्रष्ट अधिकारियों की धड़कनें तेज हो गई हैं।
