अक्षय पारीक
खजूरी/जहाजपुर|स्मार्ट हलचल। भीलवाड़ा जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जहाजपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने खजूरी उप तहसील की उलेला ग्राम पंचायत में मुखबिर की सूचना पर छापेमारी कर 2 किलो 899 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है।
मुखबिर की सटीक सूचना पर थाना प्रभारी ने की छापेमारी
जहाजपुर थाना प्रभारी लोकपाल सिंह ने बताया कि उन्हें मुखबिर के जरिए गुप्त सूचना मिली थी कि उलेला गांव में एक युवक अवैध रूप से गांजे की तस्करी कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत चिह्नित जगह पर दबिश दी। पुलिस टीम ने उलेला निवासी गोविंद कुमार शर्मा (25) पुत्र चंद्र प्रकाश शर्मा के घर की सघन तलाशी ली, जहां से यह मादक पदार्थ बरामद हुआ।
आरोपी गिरफ्तार, खंगाला जा रहा है नेटवर्क
पुलिस ने अवैध गांजे को जब्त कर मौके से आरोपी गोविंद कुमार शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि उसके तस्करी नेटवर्क की पूरी जानकारी जुटाई जा सके। यह पता लगाया जा रहा है कि गांजा कहां से लाया गया था और क्षेत्र में इसे किसे सप्लाई किया जाना था। इस कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप है।
