एएनटीएफ की नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: 514 ग्राम अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार,बाइक जब्त

पुनित चपलोत

भीलवाड़ा // प्रदेशभर में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एएनटीएफ ने भीलवाड़ा जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 514 ग्राम अवैध अफीम बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
ए.एन.टी.एफ महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार ने बताया कि अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एम.एन. के निर्देशन, एएनटीएफ उप महानिरीक्षक अभिजीत सिंह तथा पुलिस अधीक्षक अमित जैन के नेतृत्व में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।

सूचना मिलते ही बिछाया जाल
एएनटीएफ टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार होकर गिलूण्ड से पोटला की ओर अवैध अफीम लेकर जा रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए टीम ने गंगापुर पुलिस के साथ मिलकर पोटला पुलिस चौकी के सामने नाकाबंदी की।
नाकाबंदी के दौरान बताए गए हुलिए के अनुसार एक मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो दोनों युवक घबरा गए। शक होने पर पुलिस ने तलाशी ली, जिसमें उनके पास से 514 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई।

मोटरसाइकिल सहित अफीम जब्त
पुलिस ने मौके से 514 ग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम और मोटरसाइकिल जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि अफीम सप्लाई नेटवर्क के अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके।

गिरफ्तार आरोपी
प्रकाश पुत्र उदयराम गाडरी (40) निवासी गडरियावास, सहाड़ा थाना गंगापुर, जिला भीलवाड़ा
रतनलाल पुत्र रामलाल जाट (52) निवासी जाट मोहल्ला, सहाड़ा थाना गंगापुर, जिला भीलवाड़ा