दूनी-नगरफोर्ट मार्ग पर पुलिया टूटी: मानसून से पहले मरम्मत नहीं, हादसे का खतरा

अविनाश मीणा

घाड़ (देवली), टोंक|स्मार्ट हलचल|दूनी-नगरफोर्ट मार्ग (34 A) पर घाड़ पेट्रोल पंप के पास पिछले साल भारी बारिश में टूटी पुलिया की मरम्मत एक साल बाद भी नहीं हो पाई है। मानसून की दस्तक करीब होने के कारण ग्रामीणों में बड़े हादसे और मार्ग अवरुद्ध होने की आशंका बढ़ गई है।यह सड़क हाईवे की लिंक रोड होने के कारण यहां दिन-रात वाहनों का भारी आवागमन रहता है। पिछले साल की बारिश में बही सड़क और पुलिया का निर्माण सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा अब तक नहीं कराया गया है।

विभाग ने सुरक्षा के नाम पर टूटी पुलिया के पास केवल झाड़ियाँ लगा रखी हैं। इन झाड़ियों के कारण रास्ता बेहद संकरा हो गया है, जिससे दो वाहनों के आमने-सामने आने पर दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

ग्रामीणों ने विभाग और ठेकेदार की कार्यशैली पर रोष व्यक्त किया है। उनका आरोप है कि ठेकेदार ने पुरानी छोटी पुलिया पर ही साइड में पाइप रखकर सड़क बना दी और पानी की निकासी के लिए उचित व्यवस्था नहीं की।

क्षेत्रवासियों ने यहां एक बड़ी पुलिया बनाने की मांग की है ताकि बारिश के पानी का बहाव सुचारु रह सके। ग्रामीणों का कहना है कि यदि बारिश से पहले यह पुलिया ठीक नहीं की गई, तो इस बार पूरी सड़क बह सकती है और आसपास के गांवों का संपर्क टूट जाएगा।

मामले की गंभीरता को लेकर PWD के कनिष्ठ अभियंता (JEN) भीम सिंह गुर्जर ने बताया कि वर्तमान में ठेकेदार गैरोली-मुगलाना रोड पर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि वहां से 15 दिन में फ्री होकर शीघ्र ही दूनी-नगरफोर्ट मार्ग की इस पुलिया का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

हालांकि, मानसून के आगमन से पहले 15 दिन की यह समय-सीमा कार्य पूरा करने के लिए पर्याप्त होगी या नहीं, यह एक चिंता का विषय बना हुआ है। यदि समय रहते कार्य पूरा नहीं हुआ, तो इसकी जिम्मेदारी तय करना आवश्यक होगा।