खखरेरू,स्मार्ट हलचल|फतेहपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में विदेश से लौटे युवक ने अपनी पत्नी पर गांव के ही युवक के साथ नकदी व जेवर लेकर फरार होने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित अनीष अहमद पुत्र हुसैन बक्स ने पुलिस को बताया कि उनकी शादी करीब 17 वर्ष पहले गुलशन बानो से हुई थी और दंपति के चार बच्चे हैं। परिवार की बेहतर परवरिश के लिए वह विदेश में काम करते थे, जबकि पत्नी बच्चों के साथ गांव में रहती थी। आरोप है कि उनकी गैरमौजूदगी में गांव निवासी अजमल पुत्र बब्बन से पत्नी की नजदीकियां बढ़ गईं।
पीड़ित के अनुसार 7 मई को वह खागा गए थे, जहां सोनारी गली में करीब चार हजार सऊदी रियाल बदलवाकर लगभग 1.16 लाख रुपये प्राप्त हुए, जो उन्होंने पत्नी को दे दिए। उनका कहना है कि पत्नी के पास पहले से करीब 36 हजार सऊदी रियाल और लगभग 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर भी थे। आरोप है कि खागा कस्बे में खरीदारी के दौरान अजमल अपने पिता के साथ उनकी पत्नी को एटीएम के पास से भगा ले गया। फोन करने पर आरोपी ने धमकी देकर दोबारा संपर्क न करने की चेतावनी दी।
पीड़ित का कहना है कि आरोपी परिवार उनके घर के पास ही रहता है और नाबालिग लड़की के माध्यम से पत्नी को मोबाइल भेजकर बातचीत कराई जाती थी। आरोप है कि लंबे समय से पत्नी का ब्रेनवॉश किया जा रहा था।
*पहले भी हो चुकी है घटना*
पीड़ित के मुताबिक इसी माह आरोपी युवक पत्नी को पहले भी भगा ले गया था। सऊदी से लौटने के बाद पुलिस की मौजूदगी में पत्नी को घर लाया गया था, लेकिन कुछ दिन बाद वह दोबारा आरोपी के साथ चली गई।
इस संबंध में थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
