शादी से पहले दूल्हे ने खुद भरा सड़क का गड्ढा: चम्बल विभाग की लापरवाही,लीकेज के बाद सालभर तक नहीं हुई मरम्मत

मंगरोप@मुकेश खटीक।कस्बे में चम्बल विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है।पानी की पाइपलाइन में लीकेज ठीक करने के बाद विभाग द्वारा खोदे गए गड्ढों को लंबे समय तक नहीं भरा गया,जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।गांव के माता का मंड क्षेत्र से लेकर हमीरगढ़ रोड स्थित गुरला वाया मांडलगढ़ एमडीआर रोड पर पुराने पशु चिकित्सालय तक सड़क पर लगभग 9 जगह गड्ढे खोदे गए है।जिन्हें व्यवस्थित नहीं भरे जाने से आमजन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि पाइपलाइन लीकेज की मरम्मत के नाम पर लाखों की लगत से बनी सड़कें खोद दी गईं,लेकिन बाद में विभाग ने उनकी सुध तक नहीं ली।कई स्थानों पर बने गहरे गड्ढे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा बने हुए हैं।हमीरगढ़ रोड निवासी समीर मंसूरी ने बताया कि आगामी 20 तारीख को उसकी शादी है।उसके घर के बाहर चम्बल विभाग ने करीब एक वर्ष पहले पाइपलाइन लीकेज ठीक करने के लिए गड्ढा खोदा था,लेकिन उसे आज तक नहीं भरा गया।विभाग को कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।आखिरकार परेशान होकर समीर ने खुद ही ट्रैक्टर से मिट्टी मंगवाई और फावड़ा लेकर गड्ढे का भराव किया।स्थानीय लोगों का कहना है कि जब आमजन को अपने स्तर पर सड़कें ठीक करनी पड़ रही हैं तो संबंधित विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठना लाजमी है।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क पर बने सभी गड्ढों को जल्द भरवाकर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए,ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोबारा देखने को न मिले।