मौत का कांटा बना धर्मकांटा: ट्रेलर की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत, 12 लाख के मुआवजे पर खुला जाम
बिजोलिया, स्मार्ट हलचल (रिपोर्ट: गिरधर पाराशर)। थाना क्षेत्र के तिलस्वां निवासी 25 वर्षीय पूरण रेगर की बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। सड़क पर नियम विरुद्ध संचालित धर्मकांटे और विभागीय सुस्ती के चलते हुए इस हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने शनिवार सुबह ‘तिलस्वां-सलावटिया मार्ग’ पर दो घंटे तक जाम लगा दिया और अवैध धर्मकांटे को बंद करने की मांग पर अड़ गए।
बीमार पत्नी से मिलने जा रहा था युवक, बीच सड़क पर आया ट्रेलर
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात्रि को पूरण रेगर अपनी बीमार पत्नी का हालचाल पूछने के लिए बिजोलिया की ओर बाइक से जा रहा था। तभी तिलस्वां के निकट संचालित धर्मकांटे से सैंड स्टोन से भरा एक ट्रेलर अचानक सड़क के बीच आ गया। बाइक सवार पूरण ट्रेलर की चपेट में आ गया और सिर पर गंभीर चोट लगने से काफी खून बह गया। गंभीर हालत में उसे सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि यहाँ रोजाना 200 से अधिक गाड़ियों की तुलाई होती है और दर्जनों ट्रेलर सड़क पर खड़े रहते हैं, जिससे गुजरने वाले दुपहिया वाहन हादसे का शिकार हो रहे हैं।
मुआवजे पर बनी सहमति, अवैध धर्मकांटा करवाया बंद
हादसे के बाद पूर्व प्रधान गोपाल मालवीय की अगुवाई में सैकड़ों ग्रामीणों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग को लेकर रास्ता रोक दिया। सूचना पर बिजोलिया तहसीलदार ललित डिवानिया, थाना प्रभारी स्वागत पांड्या, फोरमैन गिरिराज मीणा, गिरदावर संजय पाराशर और चौकी प्रभारी नरेश शर्मा मौके पर पहुंचे।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच हुई वार्ता के बाद प्रशासन ने मृतक के परिजनों को मुख्यमंत्री सहायता कोष से 5 लाख रुपये, भामाशाह द्वारा 5 लाख रुपये और पूर्व प्रधान गोपाल मालवीय द्वारा 2 लाख रुपये (कुल 12 लाख रुपये) की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। इसके साथ ही मौके पर ही अवैध धर्मकांटे के आगे पत्थर लगाकर उसे बंद करवा दिया गया, जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया।
