बूंदी- स्मार्ट हलचल|शिक्षा एवं पंचायतीराज मंत्री श्री मदन दिलावर ने शनिवार को गांवों में ताबड़तोड़ औचक निरीक्षण के बाद बड़ी कार्रवाई की है। तालेड़ा और केशवरायपाटन पंचायत समितियों के गांवों में सफाई व्यवस्था में मिली अनियमितताएं और लापरवाही मिलने पर जिम्मेदार अधिकारियों, कर्मचारियों और ठेकेदारों पर सख्त कार्यवाही के निर्देश दिए हैं।
शनिवार सुबह शिक्षा व पंचायतीराज मंत्री ने तालेड़ा और केशवरायपाटन पंचायत समिति की भीया, देलूंदा, सींता, मेहराणा, सुवांसा, जमीतपुरा, तीरथ, रडी, चड़ी, हस्तीनापुर, गुडली, ईश्वरनगर (लेसरदा) और इन्द्रपुरिया ग्राम पंचायतों का सघन दौरा किया। इस दौरान गांवों में जगह-जगह कचरे के ढेर मिले थे और कई जगह सफाई कर्मचारी नदारद पाए गए थे।
पंचायतीराज मंत्री श्री दिलावर ने तालेड़ा और केशवरायपाटन पंचायत समिति के विकास अधिकारी, अतिरिक्त विकास अधिकारी, निरीक्षण की गई सभी ग्राम पंचायतों के सहायक अभियंता, प्रशासक और संबंधित ग्राम विकास अधिकारियों को लापरवाही का जिम्मेदार मानते हुए इनके खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
जिन पंचायतों में निरीक्षण किया गया, वहां के सफाई ठेकेदारों का भुगतान तुरंत रोकने और उन्हें ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा सफाई के नाम पर खर्च की गई राशि की वसूली संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों से करने के निर्देश भी दिए हैं।
