पुनित चपलोत
भीलवाड़ा // शहर में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कावाखेड़ा पुलिस चौकी के सामने स्थित पानी की ऊंची टंकी पर एक युवक चढ़ गया। युवक की पहचान 19 वर्षीय अन्नू उर्फ अनुराग गोयर के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
सूचना पर कोतवाली थाना प्रभारी हनुमान सिंह चौधरी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं किसी भी अनहोनी की आशंका को देखते हुए नगर निगम की फायर ब्रिगेड टीम को भी बुलाया गया। युवक काफी देर तक टंकी पर बैठा रहा और नीचे उतरने से इनकार करता रहा, जिससे मौके पर तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
पुलिस और परिजनों ने युवक को लगातार समझाइश दी। काफी देर तक चली बातचीत और मशक्कत के बाद आखिरकार युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। घटना के बाद पुलिस ने युवक से पूछताछ शुरू कर दी है, हालांकि फिलहाल उसके टंकी पर चढ़ने के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह पहली बार नहीं है। अन्नू उर्फ अनुराग इससे पहले भी इसी पानी की टंकी पर चढ़कर हंगामा कर चुका है। घटना के दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा रही और पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बना रहा
