लाखेरी – स्मार्ट हलचल|देईखेड़ा क्षेत्र के ग्रामीण प्रतिनिधिमंडल ने लोकसभा अध्यक्ष महोदय से मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं एवं विकास कार्यों की मांगों को प्रमुखता से उठाया। प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली फॉल्ट एवं बार-बार ट्रिपिंग की समस्या से ग्रामीणों को हो रही परेशानी से अवगत कराते हुए शीघ्र समाधान की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क एवं आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को लेकर भी मांग पत्र सौंपा। इसमें रामगंज से खरायता मुख्यालय तक संपर्क सड़क निर्माण, ढ़गारिया रोड से नवीन ड़ड़वाड़ा तक सड़क निर्माण, पीपल्दा थाक से माखीदा मुख्यालय तक सड़क निर्माण तथा मेगा हाईवे से गोहाटा की ओर सड़क एवं सड़क किनारे नाली निर्माण कार्य करवाने की मांग रखी गई।
इसके अतिरिक्त ग्राम लबान स्थित लाल बाई माता की तलाई एवं जिंद बाबा की तलाई पर विकास कार्य करवाने की मांग भी प्रतिनिधिमंडल द्वारा की गई। ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से इन कार्यों के अधूरे रहने के कारण लोगों को आवागमन सहित दैनिक जीवन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोकसभा अध्यक्ष महोदय ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया। इस दौरान लबान सरपंच बुद्धि प्रकाश मीणा, खरायता पूर्व सरपंच साहब लाल गुर्जर, घाट का बराना सरपंच कृष्ण मुरारी मीणा, पूर्व मंडल अध्यक्ष रामसिंह चौधरी, सखावदा पूर्व सरपंच मुखेंद्र सिंह, मोहन जी मीणा, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष हेमंत पालीवाल, युवा नेता बड़ाखेड़ा गोपाल रेबारी, डॉ. विष्णु मीणा, सखावदा सरपंच राजेश मीणा, बृजमोहन मीणा सहित अन्य ग्रामीण जन मौजूद रहे।
