जहाजपुर: आवारा पशु को बचाने के चक्कर में डंपर और ट्रेलर की भिड़ंत, दोनों वाहनों में लगी भीषण आग

जहाजपुर: आवारा पशु को बचाने के चक्कर में डंपर और ट्रेलर की भिड़ंत, दोनों वाहनों में लगी भीषण आग

जहाजपुर, स्मार्ट हलचल (रिपोर्ट: मोहम्मद आज़ाद नेब)। नेशनल हाईवे 148D कोटा रोड पर शक्करगढ़ चौराहे के नजदीक देर रात एक डंपर और ट्रेलर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के तुरंत बाद दोनों भारी वाहनों में भीषण आग लग गई, जिससे दोनों वाहन जलकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत यह रही कि इस भयानक हादसे में दोनों चालक सुरक्षित रूप से बाहर निकलने में सफल रहे और बाल-बाल बच गए।

सड़क पर अचानक आए पशु के कारण हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, यह भीषण हादसा हाईवे पर अचानक एक आवारा पशु के आ जाने के कारण हुआ। पशु को बचाने के प्रयास में वाहन अनियंत्रित हो गए और डंपर व ट्रेलर आपस में जा टकराए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहनों में तुरंत आग भड़क उठी और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे हाईवे पर दहशत का माहौल बन गया।

दमकल ने पाया आग पर काबू, यातायात करवाया सुचारू

घटना की सूचना मिलते ही जहाजपुर नगरपालिका की दमकल की गाड़ियां और जहाजपुर पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस और दमकल कर्मियों की मदद से काफी मशक्कत के बाद भीषण आग पर काबू पाया जा सका।

जहाजपुर थाने के एसआई देवराज सिंह ने बताया कि हादसे और आग के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए यातायात को फिर से सुचारू करवाया। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों और नुकसान की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।