जहाजपुर: जाम में फंसी दमकल, 20 मिनट तक थमी रही सांसें; अंबेडकर सर्किल से नगर पालिका तक रोजाना लग रहा है जाम

जहाजपुर: जाम में फंसी दमकल, 20 मिनट तक थमी रही सांसें; अंबेडकर सर्किल से नगर पालिका तक रोजाना लग रहा है जाम

जहाजपुर, स्मार्ट हलचल (रिपोर्ट: मोहम्मद आज़ाद नेब)। कस्बे में अंबेडकर सर्किल से नगर पालिका तक लगने वाला रोजाना का जाम अब आमजन के लिए बड़ी चिंता का कारण बनता जा रहा है। रविवार सुबह एक अग्निशमन (दमकल) वाहन करीब 15 से 20 मिनट तक इसी जाम में फंसा रहा, जिससे लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि किसी दिन आगजनी या गंभीर हादसे की स्थिति बन जाए, तो यह जाम किसी की जान पर भारी पड़ सकता है।

सड़क पर सज रही सब्जी मंडी, सिकुड़ रहा है रास्ता

स्थानीय नागरिकों के अनुसार, शाहपुरा रोड पर सुबह 6 बजे से 9 बजे तक सब्जी विक्रेता मुख्य सड़क पर ही सब्जियों की थैलियां और अपना सामान रख देते हैं। वहीं, खरीदारी करने आने वाले लोग भी अपने वाहन सड़क किनारे आड़े-तिरछे खड़े कर देते हैं। इससे सड़क अत्यंत संकरी हो जाती है और वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है। रविवार को भी इसी अव्यवस्था के चलते अग्निशमन वाहन जाम में फंसा रहा। लोगों ने चिंता जताई है कि इसी मार्ग से एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहन भी गुजरते हैं, ऐसे में कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

प्रशासन के आदेशों की उड़ रही धज्जियां, निर्धारित स्थान पर नहीं जा रहे व्यापारी

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाए और सड़क पर लगने वाली इस अव्यवस्थित सब्जी मंडी को हटाकर निर्धारित स्थान पर शिफ्ट कराया जाए।

गौरतलब है कि सरकार द्वारा पूर्व में ही सब्जी मंडी के लिए एक अलग स्थान निर्धारित किया जा चुका है। लेकिन इसके बावजूद अधिकांश व्यापारी वहां दुकान नहीं लगाकर शाहपुरा रोड पर ही अपना कारोबार करते हैं। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा कई बार प्रयास किए जाने और समझाइश के बावजूद व्यापारी निर्धारित मंडी स्थल पर जाने को तैयार नहीं हैं, जिसका खामियाजा अब आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।