एसटीबीए नियुक्ति के नाम पर ठगी से सावधान — रेलवे की कोई भर्ती एजेंट या दलाल के माध्यम से नहीं होती

आवेदन की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, जानकारी निःशुल्क सीधे रेलवे कार्यालय एवं वेबसाइट पर उपलब्ध

कोटा।स्मार्ट हलचल|पश्चिम मध्य रेलवे, कोटा मंडल द्वारा हाल ही में 6 स्टेशनों पर स्टेशन टिकट बुकिंग एजेंट (एसटीबीए) की नियुक्ति हेतु अधिसूचना संख्या 03/2026 जारी की गई है। रेलवे प्रशासन के संज्ञान में आया है कि कुछ असामाजिक तत्व एवं दलाल इस अधिसूचना का दुरुपयोग कर आवेदकों को गुमराह कर रहे हैं तथा एसटीबीए अनुबंध या रेलवे में नौकरी दिलाने का झूठा आश्वासन देकर रुपये ऐंठ रहे हैं। ऐसी शिकायतें रेलवे प्रशासन को प्राप्त हुई हैं।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ जैन ने बताया कि यह नियुक्ति प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी एवं नियमानुसार संचालित की जा रही है। एसटीबीए कोई रेलवे की स्थायी नौकरी नहीं है — यह एक एजेंसी अनुबंध है जो निर्धारित पात्रता रखने वाले व्यक्ति सीधे आवेदन कर सकते हैं। इस प्रक्रिया में किसी बिचौलिये, दलाल या एजेंट की कोई भूमिका नहीं है और न ही उनकी कोई आवश्यकता है।

श्री जैन ने स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यक्ति यह कहकर रुपये मांगे कि वह रेलवे में नौकरी या एसटीबीए अनुबंध दिलवा सकता है, तो यह पूर्णतः फर्जी और धोखाधड़ी है। रेलवे प्रशासन ऐसे किसी भी व्यक्ति को अधिकृत नहीं करता। आवेदन से संबंधित समस्त जानकारी — जैसे पात्रता, आवेदन प्रारूप, शर्तें एवं प्रक्रिया — पश्चिम मध्य रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट www.wcr.indianrailways.gov.in के Tenders → Active Tenders अनुभाग में निःशुल्क उपलब्ध है।

इच्छुक एवं पात्र आवेदक किसी भी जानकारी के लिए सीधे मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय,कोटा के वाणिज्य शाखा में संपर्क कर सकते हैं। आवेदन पत्र 18 मई 2026 (सोमवार) को दोपहर 13:00 बजे तक केवल कार्यालय के ड्रॉप बॉक्स में जमा करने हैं — डाक से प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किये जाएंगे।

रेलवे प्रशासन सभी आवेदकों एवं आम नागरिकों से अपील करता है — किसी भी दलाल, एजेंट या अपरिचित व्यक्ति को रुपये न दें। रेलवे की किसी भी प्रक्रिया के लिए बिचौलिये की आवश्यकता नहीं होती। यदि कोई व्यक्ति एसटीबीए नियुक्ति के नाम पर ठगी का प्रयास करे तो तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचित करें।