ब्यावर के सबसे बड़े अस्पताल की व्यवस्थाएं वेंटिलेटर पर; हिंदू हेल्पलाइन ने CMHO को सौंपा ज्ञापन

अनिल कुमार

ब्यावर। स्मार्ट हलचल|जिले के सबसे बड़े राजकीय अमृत कौर चिकित्सालय की चरमराती चिकित्सा व्यवस्थाओं को लेकर ‘अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद’ और ‘हिंदू हेल्पलाइन’ ने गहरा रोष व्यक्त किया है। हेल्पलाइन के प्रतिनिधियों ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) के नाम एक ज्ञापन सौंपकर अस्पताल की बदहाली में सुधार की पुरजोर मांग की है।

विशेषज्ञों की कमी से जूझ रहे मरीज
ज्ञापन में बताया गया कि अस्पताल में वर्तमान में शिशु रोग विशेषज्ञ और गायनिक (स्त्री रोग) चिकित्सकों की भारी कमी है। स्थिति यह है कि यदि एक डॉक्टर अवकाश पर होता है, तो पूरी व्यवस्था ठप हो जाती है। संगठन ने मांग की है कि आसपास के क्षेत्रों से डॉक्टरों को प्रतिनियुक्ति पर बुलाकर मरीजों को राहत दी जाए।

कार्डियोलॉजिस्ट नहीं होने से बढ़ रहा रेफरल का बोझ
अस्पताल में हृदय रोग विशेषज्ञ (कार्डियोलॉजिस्ट) न होने के कारण गंभीर मरीजों को मजबूरन अजमेर या जयपुर रेफर करना पड़ रहा है। इससे न केवल मरीजों का पैसा बर्बाद हो रहा है, बल्कि समय पर इलाज न मिलने से जान का जोखिम भी बना रहता है। कार्यकर्ताओं ने जल्द से जल्द स्थायी कार्डियोलॉजिस्ट की नियुक्ति की मांग की है।

MCH विंग और ट्रामा सेंटर की अव्यवस्थाएं
हिंदू हेल्पलाइन के सदस्यों ने आरोप लगाया कि MCH विंग में 24 घंटे डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित नहीं है। साथ ही, पर्ची कटवाने के लिए तीमारदारों को एक विंग से दूसरी विंग तक भागना पड़ता है। ज्ञापन में मांग की गई है कि:

MCH विंग में ही पंजीकरण की सुविधा दी जाए।

अस्पताल के द्वारों पर 24 घंटे स्ट्रेचर और व्हीलचेयर मय कर्मचारी उपलब्ध हों।

मदद के लिए कर्मचारियों के नाम और नंबर सूचना पट्ट पर चस्पा किए जाएं।

OPD से गायब रहते हैं डॉक्टर
संगठन ने यह भी मुद्दा उठाया कि कई चिकित्सक निर्धारित OPD समय के दौरान अपनी सीट पर अनुपस्थित रहते हैं, जिससे दूर-दराज से आए मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ता है। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इन जनहित की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो आम जनता के सहयोग से उग्र आंदोलन किया जाएगा।

ये रहे उपस्थित:
इस दौरान मुकेश सोम्दी, सुनील पालडेचा, मनीष व्यास, कमलेश रावत, अनिल गुप्ता, सुनील दुबे सहित संगठन के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।