सांवलिया जी – स्मार्ट हलचल|खाद विक्रेता नवकार फर्टिलाइजर भादसोड़ा रोड़, मण्डफिया द्वारा किसान से खाद बैग की निर्धारित मूल्य से अधिक राशि की मांग की। मंगलवार को एक किसान म्यूरिएट ऑफ पोटाश (एमओपी) खाद का बैग खरीदने उक्त दुकान पर पहुंचा, दुकान पर ओस्तवाल फॉस्केम इंडिया लिमिटेड कंपनी का एमओपी उर्वरक उपलब्ध था, जिस पर निर्धारित खुदरा मूल्य (प्रिंट रेट) 1850 रुपये अंकित था। इसके, बावजूद विक्रेता नितिन कोठारी पुत्र अशोक कोठारी द्वारा उक्त खाद बैग के लिए 2200 रुपये की मांग की गई, जो कि निर्धारित मूल्य से 350 रुपये अधिक है। निर्धारित खुदरा मूल्य (प्रिंट रेट) से अधिक राशि की मांग की, जिस पर हंगामा खड़ा हो गया। किसान द्वारा जागरूकता दिखाते हुए इस संबंध में चित्तौड़गढ़ के संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) डॉ. शंकरलाल जाट एवं सहायक निदेशक कृषि (विस्तार) अंशु चौधरी को दूरभाष पर सूचना दी गई। शिकायत के बाद विक्रेता द्वारा किसान को निर्धारित मूल्य पर ही खाद उपलब्ध कराई। अधिकारियों की त्वरित दखल के बाद विक्रेता के मंसूबे कामयाब नहीं हो पाए। अधिक राशि मांगने पर विक्रेता और किसान के बीच बहस-बवाल हुआ, लेकिन उच्च अधिकारियों से शिकायत होने के बाद निर्धारित मूल्य में खाद देना पड़ा। इस घटना को लेकर क्षेत्र के किसानों ने खाद लेने गए किसान की जागरूकता की सराहना की। विक्रेता द्वारा निर्धारित मूल्य से अधिक मांग करने की यह घटना क्षेत्र के किसानों के साथ हो रही मनमानी और आर्थिक शोषण को उजागर करती है। किसानों का कहना है कि इस प्रकार की गतिविधियों से अन्नदाता स्वयं को ठगा हुआ महसूस करता है। उन्होंने शासन-प्रशासन से मांग की है कि ऐसे विक्रेताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर किसानों के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जाए।
• कृषि मंत्री को पत्र लिख कर बताई घटना –
नवकार फर्टिलाइजर (खाद विक्रेता) द्वारा मनमानी कर निर्धारित मूल्य से अधिक मांगने पर भादसोड़ा निवासी युवा किसान राधे सुथार ने बुधवार को कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा को पत्र लिखकर उपयुक्त कार्यवाही की मांग की।
• इनका कहना हैं –
खाद विक्रेताओं द्वारा अपनी मनमानी कर काश्तकारों से निर्धारित मूल्य से अधिक मांग की जाती हैं। किसान जागरूक बने और सतर्क रहे, ऐसी स्थिति में उच्च अधिकारियों को अवगत कराए।
_ राधे सुथार, युवा किसान एवं सक्रिय भाजपा कार्यकर्ता, भादसोड़ा
