अलकेश पारीक
स्मार्ट हलचल|जहाजपुर विधायक एवं भाजपा एसटी मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष गोपीचंद मीणा ने ग्राम पंचायत मुख्यालय बाँकरा में राजस्थान ग्रामीण बैंक (RGB) की नई शाखा खोलने की मांग उठाई है। इस संबंध में उन्होंने राजस्थान ग्रामीण बैंक के अध्यक्ष को पत्र लिखकर क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही बैंकिंग सुविधा की समस्या से अवगत कराया।
पत्र में विधायक ने बताया कि बाँकरा सहित आसपास की ग्राम पंचायतें खैरूणा, टीठोड़ा जागीर एवं किशनगढ़ की करीब 24 हजार आबादी को बैंकिंग कार्यों के लिए दूर-दराज क्षेत्रों में जाना पड़ता है। इससे ग्रामीणों, किसानों, महिलाओं एवं विद्यार्थियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है
पूर्व ग्रामीण भाजपा मंडल अध्यक्ष सत्यनारायण शर्मा ने बताया कि वर्षों से ग्रामीणों की मांग जल्द ही पूरी होगी बाँकरा तहसील मुख्यालय जहाजपुर से करीब 31 किलोमीटर तथा जिला मुख्यालय भीलवाड़ा से लगभग 110 किलोमीटर दूर स्थित है। ऐसे में क्षेत्र की जनसंख्या और जरूरतों को देखते हुए यहाँ राजस्थान ग्रामीण बैंक की नई शाखा खोलना अत्यंत आवश्यक है।
विधायक गोपीचंद मीणा ने बैंक प्रशासन से ग्रामीणों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द नई शाखा खोलने की कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
