ब्यावर में नगर परिषद का ‘पीला पंजा’: मेवाड़ी गेट के बाहर कब्रिस्तान की जमीन से हटाए अवैध कब्जे

अनिल कुमार

ब्यावर। स्मार्ट हलचल|शहर के मेवाड़ी गेट क्षेत्र में बुधवार तड़के नगर परिषद ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कब्रिस्तान की भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को जमींदोज कर दिया। आयुक्त श्रवण राम चौधरी के कड़े निर्देशन में हुई इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया।

शिकायतों पर त्वरित एक्शन
पिछले लंबे समय से प्रशासन को मेवाड़ी गेट के बाहर कब्रिस्तान की जमीन पर अवैध निर्माण और अतिक्रमण की शिकायतें मिल रही थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर परिषद ने बुधवार अलसुबह का समय चुना और भारी जाब्ते के साथ मौके पर धावा बोल दिया।

जेसीबी से ढहाए अवैध निर्माण
कार्रवाई के दौरान जेसीबी मशीनों का उपयोग कर अवैध रूप से बनाए गए ढांचों को हटा दिया गया। इस अभियान में नगर परिषद के जेईएन कपिल गोरा, आरओ गणपत लाल, लोकवास्तु मिस्त्री अशोक जादम सहित अतिक्रमण शाखा के कर्मचारी और सफाई सैनिकों की टीम मुस्तैद रही। बिना किसी विरोध के टीम ने तेजी से निर्माणों को ध्वस्त कर
जमीन को मुक्त कराया।

आमजन ने किया फैसले का स्वागत
नगर परिषद की इस त्वरित कार्रवाई पर स्थानीय निवासियों ने खुशी जाहिर की है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि कब्रिस्तान जैसी पवित्र और सार्वजनिक भूमि पर कब्जा करना गलत था और परिषद की इस सख्ती से भविष्य में अतिक्रमणकारियों को कड़ा संदेश मिलेगा।

जारी रहेगा अभियान
आयुक्त श्रवण राम चौधरी ने संकेत दिए हैं कि शहर में कहीं भी सरकारी या सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले दिनों में शहर के अन्य हिस्सों में भी इसी तरह का अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा सकता है।