श्रीराम महाराज अघोरी ने मामडोली में गरीब बेटी के विवाह में की मदद, समाज को दिए एकता, शिक्षा और नशामुक्ति के 5 संदेश
भरत देवड़वाल
टोंक/निवाई। स्मार्ट हलचल|ग्राम काटोली स्थित महाभारतकालीन माँ भद्रकाली मंदिर के पीठाधीश्वर श्री श्री 1008 श्रीराम महाराज “अघोरी बाबा” ने एक बार फिर मानवता और सेवा भाव की मिसाल पेश की है। उन्होंने सवाई माधोपुर जिले के बौंली उपखण्ड क्षेत्र के गांव मामडोली में गरीब परिवार की बेटी पार्वती मीणा के विवाह में आर्थिक सहयोग कर समाज के सामने प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया।
जानकारी के अनुसार मामडोली निवासी भरतलाल मीणा की पुत्री पार्वती मीणा के विवाह की सूचना मिलने पर श्रीराम महाराज अघोरी ने क्षेत्रीय भाजपा नेता रामअवतार मीणा से परिवार की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली। परिवार के आर्थिक रूप से कमजोर होने की पुष्टि होने पर बाबा ने विवाह की संपूर्ण व्यवस्था कराने का संकल्प लिया।
मंगलवार शाम करीब 5 बजे श्रीराम महाराज अघोरी अपने सैकड़ों भक्तों एवं भाजपा नेता रामअवतार मीणा के साथ मामडोली पहुंचे। ग्रामीणों ने डीजे और पुष्पवर्षा के साथ उनका भव्य स्वागत किया। विवाह स्थल पर पहुंचकर अघोरी बाबा ने आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई और बेटी पार्वती मीणा को 11 हजार रुपये नकद भेंट कर आशीर्वाद दिया।
*समाज को दिए 5 महत्वपूर्ण संदेश:*
इस अवसर पर ग्रामीणों को संबोधित करते हुए श्रीराम महाराज अघोरी ने समाज से 5 वचन मांगे:
1. जीवन में कभी नशा नहीं करेंगे।
2. परिवार को कभी अलग नहीं करेंगे, सब साथ रहेंगे।
3. जाति-पांति से ऊपर उठकर हिंदू एकता बनाए रखेंगे।
4. शिक्षा को जीवन में सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे।
5. प्रतिदिन कम से कम 24 मिनट अपने इष्ट देव की भक्ति करेंगे।
उन्होंने कहा कि समाज की शक्ति उसकी एकता में है। यदि समाज जातियों में बंट जाएगा तो अत्याचार बढ़ेंगे, लेकिन यदि सभी एकजुट रहेंगे तो कोई शक्ति उन्हें कमजोर नहीं कर सकेगी।
श्रीराम महाराज ने बताया कि उनके दरबार में प्रत्येक सप्तमी और अष्टमी को श्रद्धालुओं की समस्याओं का समाधान किया जाता है। यहां नशामुक्ति अभियान, विभिन्न रोगों के उपचार एवं सामाजिक समस्याओं के समाधान का कार्य किया जाता है। प्राप्त आय का 80 प्रतिशत हिस्सा जनकल्याण कार्यों में खर्च किया जाता है।
*अब तक के प्रमुख जनकल्याण कार्य:*
– करीब 7 लाख लोगों को नशे की लत से मुक्ति दिलाई।
– 401 गरीब बेटियों के विवाह में संपूर्ण सहयोग, करीब 6 करोड़ रुपये दान।
– 11 हजार महिलाओं को कंबल देकर सम्मानित किया।
– 7 हजार बुजुर्गों को आर्थिक सहायता व कंबल वितरित किए।
– गोमाता के लिए लाखों रुपये के चारे की व्यवस्था।
क्षेत्र में श्रीराम महाराज अघोरी के इन जनसेवा कार्यों की व्यापक सराहना हो रही है। ग्रामीणों ने उन्हें “कलयुग का तपस्वी संत” बताते हुए उनके सेवा कार्यों को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
*फोटो कैप्शन:*
मामडोली गांव में गरीब परिवार की बेटी पार्वती मीणा के विवाह में सहयोग करने पहुंचे श्री श्री 1008 श्रीराम महाराज अघोरी बाबा। साथ में भाजपा नेता रामअवतार मीणा, परिवारजन एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
