वारदातम गोदाम में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद
लाखों का सामान जलकर राख
घटना में करीब 20 लाख रुपए के नुकसान की बात
(हरिप्रसाद शर्मा)
स्मार्ट हलचल|अजमेर /अजमेर के कृष्णगंज थाना क्षेत्र स्थित लोहागल रोड पर देर रात नकाबपोश बदमाशों ने पेट्रोल बम फेंककर एक कबाड़ी गोदाम में आग लगा दी। इस आगजनी में गोदाम में रखा कबाड़ का सामान और एक पिकअप वाहन जलकर राख हो गए। पीड़ित ने घटना में करीब 20 लाख रुपए के नुकसान की बात कही है। पूरी वारदातम गोदाम में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
सूत्रों अनुसार रात करीब 2:45 बजे 4 से 5 नकाबपोश बदमाश गोदाम के बाहर पहुंचे। बदमाश अपने साथ प्लास्टिक की थैलियों में पेट्रोल भरकर लाए थे। उन्होंने पहले गोदाम और वहां खड़ी पिकअप पर पेट्रोल फेंका और फिर आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही गोदाम मालिक अजहरुद्दीन अपने परिवार सहित मौके पर पहुंचे और पुलिस व अग्निशमन विभाग को सूचना दी। दमकल की गाड़ी ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
पीड़ित अजहरुद्दीन ने बताया कि लोहागल गांव में करीब 900 गज जमीन पर उनका कबाड़ का गोदाम बना हुआ है। बदमाश पूरी तैयारी के साथ आए थे और उनके हाथों में पेट्रोल से भरी थैलियां थीं। आग लगाने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। उन्होंने बताया कि करीब दो साल पहले भी उनके गोदाम में आग लगाने की घटना हुई थी, लेकिन उस समय सीसीटीवी कैमरे नहीं होने के कारण आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिल पाया था।
कृष्णगंज थाना प्रभारी अरविंद चारण ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। आग पर काबू पा लिया गया है और पीड़ित की शिकायत के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज में बदमाश मुंह पर कपड़ा बांधकर आते और पेट्रोल की थैलियां फेंककर आग लगाते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है।
