ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के बड़े नेटवर्क का खुलासा, करोड़ों के लेनदेन के रिकॉर्ड जब्त, 3 सटोरिए गिरफ्तार

(हरिप्रसाद शर्मा)

अजमेर/स्मार्ट हलचल|अजमेर पुलिस ने आईपीएल मैचों पर चल रहे करोड़ों रुपए के ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे का बड़ा खुलासा करते हुए तीन सटोरियों को गिरफ्तार किया है। जिला स्पेशल टीम और कृष्णगंज थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से 2 लैपटॉप, 22 एंड्रॉयड मोबाइल, वाई-फाई सेटअप बॉक्स, वॉइस रिकॉर्डर, हिसाब-किताब की डायरी सहित अन्य सामान बरामद किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी राजस्थान के कई शहरों में फैले सट्टा नेटवर्क से जुड़े हुए थे और प्रतिदिन करोड़ों रुपए के दांव लगवा रहे थे।

जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक अजमेर रेंज राजेंद्र सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध गतिविधियों, जुआ और ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु जांगिड़, वृत्ताधिकारी शिवम जोशी, कृष्णगंज थाना प्रभारी अरविंद चारण और DST प्रभारी शंकर सिंह रावत के नेतृत्व में संयुक्त टीम का गठन किया गया था।

एसपी अग्रवाला ने बताया कि 12 मई को DST को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कृष्णगंज थाना क्षेत्र के बालाजी नगर स्थित एक मकान में आईपीएल मैचों पर बड़े स्तर पर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। वहां कमरे के अंदर तीन व्यक्ति गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच चल रहे आईपीएल मुकाबले पर मोबाइल और लैपटॉप के जरिए ऑनलाइन सट्टा खेलते मिले।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान मुकेश कुमार मूलचन्दानी उर्फ जुम्मा निवासी जयपुर, खालिद सिसोदिया निवासी चांदपोल जयपुर और जावेद खान निवासी कोतवाली क्षेत्र जयपुर के रूप में बताई। पुलिस को मौके से मिले लैपटॉप और मोबाइल फोन में करोड़ों रुपए के लेनदेन और सट्टे का रिकॉर्ड मिला है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी अजमेर, ब्यावर, जयपुर सहित राजस्थान के कई शहरों के सटोरियों से सीधे संपर्क में थे और उन्हें ऑनलाइन लाइन उपलब्ध करवा रहे थे।

एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। न्यायालय से तीन दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है, ताकि पूरे नेटवर्क और आर्थिक लेन-देन की गहन जांच की जा सके। उन्होंने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में कई अन्य नाम सामने आने की संभावना है और पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगाली जा रही हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 लैपटॉप, 22 मोबाइल हैंडसेट, 5 मोबाइल चार्जर, एक वॉइस रिकॉर्डर, एयरटेल कंपनी का वाई-फाई सेटअप बॉक्स, बिजली एक्सटेंशन बोर्ड, हिसाब-किताब की डायरी और अन्य सामग्री जब्त की है। वहीं जिस मकान में सट्टा संचालित किया जा रहा था, उसके मालिक ललित कुमार बदलानी की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सट्टा संचालन के लिए मकान उपलब्ध कराने के मामले में उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एसपी अग्रवाला ने कहा कि अजमेर पुलिस अवैध ऑनलाइन सट्टे और साइबर अपराधों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। ऐसे मामलों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।