प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार “अन्नदाता सुखी तो देश समृद्ध” की भावना के साथ कर रही कार्य — सीपी जोशी
चित्तौड़गढ़, स्मार्ट हलचल। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी ने केंद्र सरकार द्वारा खरीफ फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में वृद्धि किए जाने के निर्णय का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय मंत्रिमंडल का आभार व्यक्त किया है।
सांसद सीपी जोशी ने कहा कि मोदी सरकार लगातार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को लाभकारी बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। केंद्र सरकार द्वारा खरीफ सीजन की 14 फसलों के MSP में बढ़ोतरी करना किसानों के हित में लिया गया महत्वपूर्ण एवं दूरदर्शी निर्णय है। इससे देश के करोड़ों किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा तथा कृषि क्षेत्र को मजबूती प्राप्त होगी।
उन्होंने कहा कि धान की MSP में 72 रुपये की वृद्धि कर इसे 2441 रुपये प्रति क्विंटल किया गया है, जबकि तुअर/अरहर की MSP में 450 रुपये की वृद्धि किसानों के प्रति केंद्र सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाती है। इसके अलावा मूंगफली, कपास, तिल, सूरजमुखी, उड़द, बाजरा सहित अन्य फसलों के समर्थन मूल्य में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी किसानों के लिए राहत देने वाली साबित होगी।
सीपी जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार “अन्नदाता सुखी तो देश समृद्ध” की भावना के साथ कार्य कर रही है। MSP व्यवस्था किसानों को बाजार में कीमतों के उतार-चढ़ाव से सुरक्षा प्रदान करती है और यह किसानों के लिए सुरक्षा कवच के रूप में कार्य करती है।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने पिछले वर्षों में MSP में लगातार ऐतिहासिक बढ़ोतरी कर किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का कार्य किया है। यह निर्णय किसानों की मेहनत का सम्मान करने वाला तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने वाला साबित होगा।
