न्यूज चैनल की आड़ में लोगों को बनाता था शिकार, निवेश के नाम पर करोड़ों की ठगी का आरोप
रायपुर, स्मार्ट हलचल। पुलिस थाना रायपुर ने साइबर फ्रॉड के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए TIMESLIVE BHARAT NEWS PRIVATE LIMITED से जुड़े एक कथित न्यूज रिपोर्टर को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर न्यूज चैनल की आड़ में सीधे-साधे लोगों को निवेश का लालच देकर ऑनलाइन ठगी करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार आरोपी साइबर फ्रॉड गिरोह का मास्टर माइंड बताया जा रहा है, जो लोगों को विभिन्न निवेश योजनाओं में अधिक मुनाफे का प्रलोभन देकर ऑनलाइन ठगी का शिकार बनाता था। आरोपी ने खुद को न्यूज चैनल से जुड़ा पत्रकार बताकर लोगों का विश्वास जीता और फिर उन्हें निवेश के नाम पर ठग लिया।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी के बैंक खातों में पिछले चार महीनों के दौरान करीब 10 करोड़ रुपए से अधिक के संदिग्ध ट्रांजेक्शन हुए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा बैंक खातों एवं अन्य वित्तीय दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों के अलग-अलग थानों में साइबर फ्रॉड से संबंधित कुल 116 शिकायतें दर्ज हैं। इन शिकायतों में निवेश, ऑनलाइन कमाई और अन्य डिजिटल माध्यमों से ठगी के मामले शामिल बताए जा रहे हैं।
रायपुर थाना पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ जारी है तथा साइबर फ्रॉड नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति या संस्था के झांसे में आकर ऑनलाइन निवेश न करें तथा संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत पुलिस को सूचना दें।
