* चार मुकदमों में 5 आरोपी गिरफ्तार-हथियारों का जखीरा बरामद-कॉन्स्टेबल हत्याकांड के बाद बढ़ी सुरक्षा चिंता,
* सीओ आकांक्षा चौधरी के सुपरविजन में कार्रवाई-6 टोपीदार बंदूक,1 देशी कट्टा और 3 एयरगन जब्त
शिवराज बारवाल मीना
टोंक/उनियारा।|स्मार्ट हलचल|उनियारा सर्किल क्षेत्र में अवैध हथियारों की लगातार बरामदगी ने पुलिस प्रशासन और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। हाल ही में भागचंद सैनी हत्याकांड के बाद क्षेत्र में हथियारों की बढ़ती मौजूदगी ने कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बीते दिनों 2 मई की मध्य रात्रि गश्त के दौरान कॉन्स्टेबल भागचंद सैनी की निर्मम हत्या और 3 मई की सुबह ककोड़ के पास सुनसान इलाके में शव मिलने की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। इस मामले में गिरफ्तार आरोपी राजेश मीणा और दिलराज मीणा के कब्जे से टोपीदार बंदूक मिलने के बाद पुलिस की सतर्कता और बढ़ गई। इसी क्रम में जिला पुलिस अधीक्षक टोंक राजेश कुमार मीणा के निर्देश पर मंगलवार को पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बनेठा व उनियारा थाना क्षेत्र में चार अलग-अलग मुकदमों में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 6 टोपीदार बंदूक, 1 देशी कट्टा तथा 3 एयरगन बरामद की गई हैं। सभी हथियार जब्त कर आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस से मिली अनुसार सोमवार को भी बनेठा थाना क्षेत्र के रूपवास में नामजद कार्रवाई करते हुए दो व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। इस दौरान खेराड़ी महादेव एवं कल्याणपुरा पहाड़ी क्षेत्र से दो टोपीदार बंदूक, एक एयरगन, 305 छर्रे और बारूद बरामद किया गया था।पूरी कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक उनियारा आकांक्षा चौधरी के निकटतम सुपरविजन में भागीरथ सिंह राजावत थानाधिकारी बनेठा के नेतृत्व में सर्किल कार्यालय उनियारा टीम द्वारा की गई। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध हथियारों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे। हालांकि बीते करीब 10 दिनों में क्षेत्र से लगभग एक दर्जन अवैध हथियार बरामद होने से आसूचना तंत्र, बीट प्रभारी व्यवस्था और पुलिस गश्त प्रणाली की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। वहीं क्षेत्र में अवैध बजरी खनन एवं परिवहन की गतिविधियां भी लगातार जारी रहने की चर्चा है। पुलिस की इस अवैध हथियारों के जखीरे के विरूद्ध बड़ी कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप का माहौल है और लोगों की नजर अब आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है।
